राहुल की संवाद यात्रा में बवाल, अंबेडकर हॉस्टल में एंट्री से रोका तो भड़की कांग्रेस, कहा-तानाशाही कर रही नीतीश कुमार सरकार 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा है कि वह बिहार के दरभंगा में अम्बेडकर हॉस्टल में दलित तथा पिछड़ा वर्ग के छात्रों से संवाद करना चाहते हैं लेकिन उन्हें रोका जा रहा है हालांकि संविधान और लोकतंत्र में तानाशाही से कोई उन्हें रोक नहीं सकता है। राहुल गांधी को दलित छात्रों से संवाद करने से रोकने की खबर आते ही कांग्रेस का गुस्सा भड़क गया और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे तथा पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली सरकार के इस प्रयास को तानाशाही देते हुए इसे निंदनीय करार दिया। 

उन्होंने कहा कि बिहार न्याय और क्रांति की धरती है और वहां की जनता इस तरह की तानाशाही बर्दाश्त नहीं करेगी। इससे पहले राहुल गांधी ने सोशल मीडिया एक्स पर कहा बिहार में एनडीए की ‘डबल इंजन धोखेबाज़ सरकार’ मुझे अंबेडकर हॉस्टल में दलित और पिछड़े छात्रों से बातचीत करने से रोक रही है। संवाद कब से अपराध हो गया। नीतीश जी, आप किस बात से डर रहे हैं। क्या बिहार में शिक्षा और सामाजिक न्याय की स्थिति छुपाना चाहते हैं। 

भारत लोकतंत्र है, संविधान से चलता है, न कि तानाशाही से, हमें सामाजिक न्याय और शिक्षा के लिए आवाज़ उठाने से कोई नहीं रोक सकता। खरगे ने कहा “अब क्या दलित, वंचित, पिछड़े वर्ग के छात्रों से संवाद करना संविधान के खिलाफ है। क्या उनकी शिक्षा, उनकी भर्ती परीक्षा और नौकरियों के बारे में उनसे बातचीत करना कोई पाप है। 

JDU-भाजपा सरकार ने बिहार में दरभंगा के आंबेडकर हॉस्टल में 'शिक्षा न्याय संवाद' कार्यक्रम में राहुल गांधी को शामिल होने से रोकना तानाशाही की पराकाष्ठा है। लोकतंत्र की जन्मस्थली, बिहार इस अन्याय को याद रखेगी और समय आने पर जद-यू भाजपा को इसका उचित जवाब भी देगी।” 

प्रियंका वाड्रा ने कहा “दरभंगा के अंबेडकर हॉस्टल में 'शिक्षा न्याय संवाद' कार्यक्रम के तहत छात्रों से संवाद करने जा रहे लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को रोकना अत्यंत शर्मनाक, निंदनीय एवं कायराना कृत्य है। तानाशाही पर उतारू जद-यू-भाजपा गठबंधन की सरकार को यह बताना चाहिए कि क्या बिहार में नेता प्रतिपक्ष का जाना अपराध है या दलितों, पिछड़ों, वंचितों और गरीबों की आवाज उठाना अपराध है। न्याय और क्रांति की धरती ​बिहार की जनता यह तानाशाही बर्दाश्त नहीं करेगी।

ये भी पढ़े : ईरान की परमाणु ताकत खत्म करेगा अमेरिका, ट्रंप ने कतर से मांगा सहयोग, बोले-ईरान को रोकने में दोहा की भूमिका अहम

संबंधित समाचार