लखीमपुर खीरी: जाति छुपाकर कर रहे थे शादी...बिना फेरों के लौट गई बारात

लखीमपुर खीरी: जाति छुपाकर कर रहे थे शादी...बिना फेरों के लौट गई बारात

बेहजम, अमृत विचार। थाना नीमगांव के एक गांव में द्वाराचार के बाद जेवरों को लेकर कन्या पक्ष और वर पक्ष के बीच विवाद हो गया। बात जाति बिरादरी तक पहुंच गई। दूल्हे के दूसरी जाति का होने का खुलासा होने पर लड़की पक्ष ने शादी करने से इन्कार कर दिया। इसके बाद बिना फेरे लिए दूल्हा बारात के साथ वापस लौट गया। यह मामला पूरे दिन क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा। 

थाना क्षेत्र के एक गांव में शनिवार की रात बारात आई थी। कन्या पक्ष के लोगों ने बारातियों का स्वागत सत्कार किया। इसके बाद द्वाराचार की रस्म हुई। रस्म के बाद जेवरों को लेकर कन्या और वर पक्ष के लोगों के बीच विवाद हो गया। बात इतनी बढ़ गई कि कन्या पक्ष ने रिश्ता तोड़ दिया और शादी करने से मना कर दिया। ग्रामीणों ने मध्यस्थता कर मामले को सुलझाने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी और जाति बिरादरी तक पहुंच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस दूल्हे को पकड़कर थाना नीमगांव ले गई। पुलिस ने बाद में उसे छोड़ दिया। दूल्हे के पिता ने बताया कि लड़की उनकी जाति बिरादरी की नहीं है।

फिर भी वह शादी के लिए तैयार थे। लड़की पक्ष ने शादी करने से इंकार कर दिया है। ग्रामीणों ने बताया कि लड़की के माता-पिता नहीं है। उसके भाई शादी कर रहे थे। शादी की मध्यस्थता करने वाले जाति बिरादरी छुपाकर रिश्ता करा रहे थे। जाति का खुलासा होने पर लड़की के परिजनों ने शादी करने से इंकार किया है। प्रभारी निरीक्षक आलोक धीमान ने बताया कि लड़की पक्ष से अभी कोई तहरीर नहीं आई है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।