कानपुर में प्लास्टिक वेस्ट से बनेंगी दो दर्जन से अधिक सड़कें, नगर निगम ने पहली बार निविदा की जारी
कानपुर, अमृत विचार। नगर निगम ने 15वें वित्त का खजाना खोल दिया है। 95 करोड़ रुपये से शहर की 200 सड़कों का निर्माण किया जाएगा। इसमें करीब दो दर्जन सड़कों को बनाने में पहली बार प्लास्टिक वेस्ट का उपयोग किया जाएगा। इस विधि से बनने वाली सड़कों की लाइफ ज्यादा होगी। 21 मई को टेंडर डाले जाएंगे, जिसके बाद निर्माण कार्य शुरू हो सकेगा।
शहर की कई सड़कों की हालत खस्ताहाल है। गड्ढों और उड़ती हुई धूल की वजह से लोगों का चलना मुश्किल है। इस समस्या को दूर करने के लिए नगर निगम ने सड़कों के निर्माण के साथ ही फुटपाथ को भी दुरुस्त करने के लिए टेंडर जारी कर दिए हैं। कल, यानी 21 मई को यह टेंडर डाले जाएंगे, और उसी दिन खुलेंगे। 200 सड़कों में अधिकतर सड़कें हॉट मिक्स प्लांट से बनेंगी। इसमें करीब दो दर्जन सड़कों का चयन किया गया है, जिसमें प्लास्टिक वेस्ट का इस्तेमाल होगा। नगर आयुक्त सुधीर कुमार के मुताबिक सड़क निर्माण में 8 फीसदी प्लास्टिक कचरे का उपयोग किया जाएगा, जिससे सड़कों की लाइफ बढ़ जाएगी। वार्ड 15 में तीन सड़कों का चयन किया गया है, जहां 2 करोड़ रुपये से बनने वाली सड़कों में प्लास्टिक वेस्ट का उपयोग होगा। इसी तरह जोन 3 वार्ड 36 में बगाही ईदगाह से हिंदु कब्रिस्तान बाकरगंज चौराहे तक सड़क चौड़ीकरण के निर्माण कार्य में प्लास्टिक वेस्ट का उपयोग होगा, इस कार्य में 1,041,0000 रुपये खर्च होंगे। इसी जोन के वार्ड 84 में दुर्गा मंदिर से जूही डिपो तक सड़क के निर्माण कार्य में भी 60,00000 रुपये खर्च होंगे।
यह प्रमुख सड़कों में प्लास्टिक वेस्ट का होगा इस्तेमाल
-जोन 1 में महफिल रेस्टोरेंट से फूलबाग चौराहा तक सड़क और साइड पटरी – 1,16,35,000 रुपये खर्च होंगे
-जोन 3 वार्ड 21 में शराब गद्दी से तेजा गुमटी केडीए कॉलोनी होते हुए पाल चौराहा तक सड़क सुधार – 50,00000 रुपये खर्च होंगे
-जोन 2 वार्ड 24 में जीटी रोड मनोज होटल से चिल्ड्रेन पार्क होते हुए तिकोनिया पार्क तक सड़क सुधार – 60,00000 रुपये खर्च होंगे
-जोन 2 में वार्ड 26 गांधी ग्राम में अयोध्या प्रसाद के मकान से बबीता पासवान के मकान तक सड़क का सुधार – 68,00000 रुपये खर्च होंगे
-जोन 3 में साकेत नगर में मंगलम मार्केट से सर्वेस ट्रेडिंग कंपनी तक सड़क और फुटपाथ का सुधार – 73,54,000 रुपये होंगे खर्च
यह भी पढ़ें : स्टूडेंट से यूट्यूबर तक निकले भारत के गद्दार, जासूसी में 12 गिरफ्तार
