लखीमपुर खीरी : मछली पकड़ने गए व्यक्ति की सुतिया नाले में डूबकर मौत
संपूर्णानगर, अमृत विचार। संपूर्णानगर कस्बा क्षेत्र निवासी एक ग्रामीण शुक्रवार को साथियों के साथ मछली पकड़ने के लिए हजारा थाना क्षेत्र के सुतिया नाले पर गया था। बताते हैं कि वहां पर मछली का शिकार करते समय वह डूब गया। मौके पर पहुंची वन विभाग व पुलिस की टीम ने लोगों की मदद से कई घंटे की तलाश के बाद उसका शव बरामद कर लिया।
गांव बसही कॉलोनी निवासी सुभाष भास्कर (40) पुत्र चोकट भास्कर शुक्रवार को मछली की तलाश में साथियों के साथ पीलीभीत जिले के थाना हजारा क्षेत्र के गांव राघवपुरी के सुतिया नाले पर गया था। वहां पर मछली मारते समय दलदल में फंसकर पानी में डूब गया। घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग संपूर्णानगर एवं थाना हजारा पुलिस चौकी के लोगों ने स्थानीय लोगों की मदद से सुभाष को काफी देर बाद नाले से निकाल सके, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिवार में चीख पुकार मच गई। मृतक के परिवार में पत्नी सहित तीन अविवाहित बच्चे सबसे बड़ी लड़की सीमा लगभग 18 वर्ष एवं बड़ा बेटा विशाल लगभग 15 वर्ष तथा छोटा बेटा बीसू 12 वर्ष है। मृतक सुभाष दिहाड़ी मजदूरी करके परिवार का भरण पोषण करता था।
बाजार बंदी बनी मौत की वजह
30 तारीख को बसही बाजार में बंदी लागू होने के चलते मृतक सुभाष भास्कर अपने बड़े भाई चंद्रभान भास्कर व ग्रामीण राम सुमेर आदि के साथ मछली पकड़ने गया था। इस दौरान जाल लगाते समय सुभाष सुतिया नाले में डूब गया।
ये भी पढ़ें - लखीमपुर खीरी: बरातियों को मीट नहीं मिला तो शादी का पंडाल बना जंग का अखाड़ा
