कांग्रेस कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी राजनीतिक षड्यंत्र का हिस्सा: अजय राय

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

वाराणसी। कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अजय राय ने लूट, चोरी और छेड़खानी के आरोप में पार्टी के दो स्थानीय कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी को उन्हें बदनाम करने के लिए राजनीतिक षड़यंत्र करार दिया है। राय ने शनिवार को कहा, “कांग्रेसी कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी मुझे बदनाम करने के लिए की गई है। यह मुकदमा तीसरी बार कराया गया है।” 

पुलिस ने अजय राय के करीबी माने जाने वाले कांग्रेस के दो स्थानीय कार्यकर्ताओं को लूट, चोरी और छेड़खानी के आरोप में बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया गया था। एक महिला की शिकायत पर यह गिरफ्तारी की गई जिसका आरोप है कि चेतगंज इलाके में उसका उत्पीड़न कर जबरदस्ती उसे उसकी दुकान से बेदखल कर दिया गया। 

थाना प्रभारी दिलीप कुमार मिश्रा ने कहा कि शिकायतकर्ता सचिना खातून ने हथुआ बाजार में संजय सिंह नाम के एक व्यक्ति से किराये पर एक दुकान लेकर उसमें बुटीक चलाती थी। खातून का आरोप है कि कोविड-19 के दौरान संजय सिंह की मृत्यु के बाद उनके मित्र आनंद पांडेय और अमित पाठक ने उन्हें परेशान करना शुरू कर दिया और पैसा वसूलने लगे। जब उन्होंने पैसे देने से मना किया तो आरोपियों ने दुकान खाली करने का दबाव बनाया। 

थाना प्रभारी ने कहा, “आनंद पांडेय और अमित पाठक दोनों प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के करीबी माने जाते हैं। इनके खिलाफ लूट, चोरी और छेड़खानी का मामला दर्ज किया गया है। दोनों को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया जिसके बाद इन्हें जेल भेज दिया गया।”

संबंधित समाचार