लखीमपुर खीरी: मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला के बाले नोच कर भाग निकला बदमाश

बेहजम, अमृत विचार। थाना नीमगांव की पुलिस चौकी बेहजम क्षेत्र में गुरुवार की सुबह टहलने निकली महिला के कान पर एक बदमाश ने झपट्टा मार दिया और दोनों कानों के सोने के बाले नोच कर भाग निकला। घटना से महिला के कानों पर चोट आई है। उसे सीएचसी भेजकर उपचार कराया गया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।
कस्बा बेहजम के मोहल्ला धवरपुर निवासी बेवा लल्ली पत्नी कृष्ण कुमार प्रतिदिन सुबह चार बजे टहलने के लिए जाती हैं। गुरुवार की सुबह भी वह घर से मॉर्निंग वॉक करने के लिए निकलीं थीं। पीड़ित लल्ली देवी ने बताया कि वह रोजाना की तरह सुबह चार बजे घर से निकली थीं। एसबी पटेल विद्यालय के पास उन्हें एक बुजुर्ग मिला, जो दूसरी दिशा में चला गया। कुछ कदम आगे बढ़ते ही एक अज्ञात युवक दिखाई दिया। उसे देखकर लग रहा था कि वह भी मॉर्निंग वॉक कर रहा था। वह टहलते हुए उसके पास पहुंची। इसी बीच उसने अचानक पीछे से उनके दोनों कानों पर झपट्टा मार दिया और सोने के दोनों बाले नोच कर पास में ही खड़ी बाइक पर बैठकर भाग निकला।
घटना से महिला के कानों में चोट आई है। महिला के शोर मचाने पर मॉर्निंग वॉक कर रहे कुछ लोग भी मौके पर पहुंच गए। वह जब तक कुछ समझ पाते। इससे पहले ही बदमाश ओयल मार्ग पर तेज रफ्तार बाइक समेत आंखों से ओझल हो गया। घटना के बाद कस्बे में हड़कंप मच गया। महिला ने घर पहुंचकर परिवार वालों को घटना बताई। परिजनों की सूचना पर सीओ जितेंद्र कुमार परिहार, प्रभारी निरीक्षक आलोक धीमान चौकी इंचार्ज सिद्धांत पंवार भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने पीड़ित महिला से घटना की जानकारी ली और मौका मुआयना किया। पीड़ित महिला काफी डरी सहमी हुई है।
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई बदमाश की तस्वीर
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने आठ से अधिक सीसीटीवी कैमरे खंगाले। इनमें महिला के कुंडल नोचने वाले बदमाश की फुटेज कैद हुई है, जिसे महिला ने कद-काठी व कपड़े देखकर पहचान भी की है, लेकिन चेहरा स्पष्ट न आने के कारण उसकी पहचान कराने में पुलिस को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सीओ जितेंद्र कुमार परिहार तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। घटना के खुलासे के लिए टीम लगाई गई है। सीसीटीवी फुटेज भी देखे जा रहे हैं। जल्द ही बदमाश को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।