लखीमपुर खीरी: सुबह टहलने निकली महिला की चेन छीनकर भाग निकला उचक्का
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। शहर से सटे देउवापुर पहाड़ापुर में सुबह घर से टहलने निकली एक महिला के गले पर एक युवक ने झपट्टा मार दिया और उसकी कीमती सोने की चेन छीनकर भाग निकली। घटना के बाद से सुबह घूमने निकलने वाली महिलाओं में दहशत व्याप्त हो गई है। पुलिस ने पीड़ित महिला की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शहर से सटे गांव देउवापुर पहाड़ापुर निवासी सतीश कुमार की पत्नी विमला देवी रोज की तरह रविवार की सुबह भी घर से टहलने के लिए निकलीं थीं। उनके साथ गांव की ही केश कुमारी, शोभा कुमारी और पुष्पा कुमारी भी थीं। तीनों टहलते हुए घर के पास ही नहरिया पर आ रहे थे। सुबह करीब 05:30 बजे एक युवक पैदल उनके पास पहुंचा। वह कुछ समझ पाती। इससे पहले ही उसने गले पर झपट्टा मार दिया और सोने की चेन लेकर भाग निकला। यह देख महिलाओं में हड़कंप मच गया। शोर शराबा करने पर आसपास के तमाम लोग मौके पर आ गए और आरोपी की तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चल सका।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर महिलाओं से पूछताछ की। शहर में लगातार हो रहीं चेन स्नेचिंग, कुंडल छिनैती आदि की घटनाओं से महिलाओं में दहशत का माहौल है। वह सुबह घर से बाहर टहलने के लिए निकले का साहस नहीं जुटा पा रही है। पीड़ित महिला ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है। शहर कोतवाल हेमंत राय ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन की जा रही है। पुलिस नहर रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरे आदि खंगाल रही है।
