शाहजहांपुर: आवास विकास कॉलोनी में चालक की गोली मारकर हत्या
शाहजहांपुर,अमृत विचार। शाहजहांपुर के बरेली मोड़ स्थित आवास विकास कॉलोनी में गोल चक्कर के पास गुरुवार देर रात बोलेरो चालक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस को गाड़ी के अंदर चालक का शव मिला। हत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस कॉल डिटेल के आधार पर मामले की …
शाहजहांपुर,अमृत विचार। शाहजहांपुर के बरेली मोड़ स्थित आवास विकास कॉलोनी में गोल चक्कर के पास गुरुवार देर रात बोलेरो चालक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस को गाड़ी के अंदर चालक का शव मिला। हत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस कॉल डिटेल के आधार पर मामले की छानबीन कर रही है। मामले में पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है।
मूलरूप से थाना सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला महमंद जलालनगर निवासी अनिल का बड़ा बेटा संजय उर्फ कल्लू अपनी पत्नी रेशमा और तीन बच्चों के साथ कांशीराम कॉलोनी स्थित अपने आवास में रहता था। वह मेडिकल कॉलेज में लगी बोलेरो को प्राइवेट तौर पर चलाता था। रेशमा के मुताबिक गुरुवार रात संजय ने परिवार के साथ खाना खाया और लेट गया। रात करीब 11.30 बजे उसके पति के मोबाइल पर किसी का फोन आया। संजय पत्नी से यह कहकर निकल गया कि कहीं आग लग गई है। दरवाजा सही से बंद कर लेना, जल्द लौट के आ रहा हूं। इसके बाद रेशमा अपने बेटे अंशू (10), अजय(चार) और चांदनी (तीन) के साथ सो गई।
रात साढ़े बारह बजे कांशीराम कॉलोनी से निकलकर आवास-विकास कॉलोनी में गोल चक्कर के पास पुलिस को गश्त के दौरान बोलेरो गाड़ी खड़ी दिखाई दी। पुलिस ने उसको चेक किया तो उसमें गोली लगा हुआ एक व्यक्ति मिला। पुलिस आनन-फानन में उसको मेडिकल कॉलेज ले गई, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पास में मिले मोबाइल के आधार पर पुलिस ने संजय की शिनाख्त की और उसकी पत्नी को सूचना दी।
संजय के कनपटी के पीछे गोली लगी थी जो माथे के पास से निकल गई। उसका शव गाड़ी के अंदर पड़ा हुआ था। एक चली हुई गोली बोलेरो के पायदान पर पड़ी थी। घटना को देखने से लगा रहा है कि संजय को सटाकर गोली मारी गई है। पुलिस ने संजय का शव कब्जे में लेकर मेडिकल कॉलेज मॉर्चरी में रखवा दिया। वहीं बोलेरो अजीजगंज चौकी में खड़ी कर दी गई है। पुलिस ने संजय के भाई दीपक की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मोबाइल कॉल डिटेल से खुलेगा हत्या का राज
पुलिस ने संजय का मोबाइल अपने कब्जे में ले लिया है। मोबाइल पर आई कॉल के आधार पर पुलिस ने कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पुलिस ने मोबाइल की कॉल डिटेल भी निकलवाई है। सर्विलांस टीम मामले की छानबीन कर रही है। हत्या में संजय के किसी जानने वाले का हाथ होने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस के हाथ हत्या के कुछ अहम सुराग लगे हैं। उसके आधार पर पड़ताल की जा रही है। मामले का जल्द खुलासा होने की संभावना है।
कुछ देर बातचीत करने के बाद मार दी गोली
संजय के पास रात करीब 11.30 बजे फोन आया था। इसके बाद वह घर से निकल गया। घर मात्र आधा किमी की दूरी पर गोल चक्कर के पास उससे कोई मिला। संजय से उसकी बात भी हुई। संजय ड्राइविंग सीट पर ही बैठा था। तभी उनके कनपटी के पीछे से गोली मार दी गई। जिससे वह दूसरी सीट की तरफ लुढ़क गया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी आराम से निकल गया। 12.30 बजे पुलिस टीम ने बोलेरो खून से लथपथ व्यक्ति को देख तो उसको लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
“कांशीराम कॉलोनी के पास बोलेरो चालक का गोली लगा हुआ शव मिला है। उसकी गोली मारकर हत्या की गई है। पुलिस टीम के हाथ हत्या के कुछ सुराग लगे हैं। उसी के आधार पर कुछ लोगों ने पूछताछ की जा रही है।” -संजय कुमार, एसपी सिटी
