फर्रुखाबाद : भाजपा सरकार ने सड़क,बिजली बेच दी,जल्द पूरे देश के संसाधन को बेच देगी: अखिलेश यादव
सपा के दिवंगत सांसद छोटे सिंह यादव की तेरहवीं पर आए अखिलेश यादव, पत्रकारों से वार्ता के दौरान भाजपा के इमरजेंसी कार्यक्रम पर तंज कसा
फर्रुखाबाद, अमृत विचार। सपा के दिवंगत सांसद छोटे सिंह यादव की तेरहवीं पर बुधवार को आए सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कहा भाजपा ने सड़क, बिजली बेच दी। जल्द पूरे देश के संसाधन को सरकार बेच देगी। इटावा में गैर ब्राह्मण भागवताचार्यों की चुटिया काटे जाने के मामले पर भाजपा पर जमकर भड़ास निकाली।
शहर के बीवीगंज स्थित गेस्ट हाउस में बुधवार को तेरहवीं के कार्यक्रम में शिरकत करने आए समाजवादी पार्टी के मुखिया एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पत्रकारों से वार्ता के दौरान भाजपा के इमरजेंसी कार्यक्रम पर तंज कसा। इटावा में यादव भागवताचार्यों की चुटिया काटे जाने और मारपीट किए जाने के मामले पर कहा कि भाजपा कानून लाए कि कोई भी गैर ब्राह्मण भागवत नहीं करा सकता। उन्होने कहा कि इटावा में भागवत करने वाले की चुटिया काटी गई, मारपीट की गई। आज गैर ब्राह्मण का भागवत करना भी अपराध की श्रेणी में आ गया। यह कौन से ग्रंथ में लिखा है कि पंडित ही भागवत कर सकता है,अन्य जाति का नहीं। यह भाजपा राज्य में हो रहा है।
सपा सुप्रीमो ने वंदे भारत ट्रेन में पानी चूने के प्रश्न पर कहा कि पूरी भाजपा में भ्रष्टाचार, महंगाई का पानी चू रहा है। भाजपा की विचारधारा अंग्रेजों ने बनाई और भाजपा सरकार अंग्रेजों के कानून के अनुसार ही चल रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा के एक विधायक ने एसडीएम को पीटा, भाजपा के दूसरे विधायक ने सीओ को पीटा,कानपुर में डीएम,सीएमओ में गंभीर मतभेद हैं, यह सब भाजपा सरकार की देन है। बिजली को निजी हाथों में देने के सवाल पर उन्होंने कहा भाजपा पूरे प्रदेश की बिजली ही नहीं पूरे देश को बेच देगी। भारत की अर्थव्यवस्था पर अमेरिका का दबाव है।
उन्होंने कहा कि फर्रुखाबाद का टेक्सटाइल्स पार्क चला गया, गंगा एक्सप्रेस वे भी चला गया। भाजपा सरकार ने जिले के विकास के लिए कुछ नहीं किया। उन्होंने घोषणा की कि सपा सरकार आने पर पांचाल घाट पर आठ लेन का पुल और आगरा में यमुना पर भी आठ लेन का पुल बनाया जायेगा। इटावा बरेली हाईवे पर टू लेन की सड़क बनी पर सपा सरकार बनने पर आठ लेन की सड़क बनाई जाएगी। इस मौके पर सपा जिला अध्यक्ष चंद्रपाल सिंह, वरिष्ठ सपा नेता युनुस अंसारी सहित सैकड़ों सपाई मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें:- कानपुर : सेवानिवृत्त सार्जेंट ने डबल बैरल से खुद को मारी गोली
