लखनऊ : कथावाचक के फ्लैट में घुसकर धारदार हथियार से हमला, दो आरोपी गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार: बीबीडी स्थित गोयल हाइट्स में दो दबंगों ने कथावाचक के फ्लैट में घुसकर परिवार पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। आरोपी ने पत्नी, बेटा व बेटी को बुरी तरह पीटा। हमले में पत्नी व बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी धमकाते हुए भाग निकले। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। बीबीडी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

गोयल हाइट्स अपार्टमेंट के टॉवर नंबर-8 निवासी कथावाचक अरविंद तिवारी ने बताया कि मंगलवार शाम 4:15 बजे वह घर में नहीं थे। इसी दौरान पुराने विवाद को लेकर दयाराम पुरवा निवासी अनुराग यादव और अभिषेक यादव फ्लैट पर पहुंचे। डोर बेल सुनकर पत्नी आरती ने जैसे ही दरवाजा खोला तो दोनों आरोपी गाली-गलौज करते हुए अंदर घुस गए। विरोध करने पर आरोपियों ने पत्नी पर जानलेवा हमला कर दिया।

चींख सुनकर बेटा अभिषेक तिवारी और बेटा प्रगति तिवारी दौड़े तो आरोपियों ने उनपर भी धारदार हथियार से वार किया। हमले में मां-बेटा बुरी तरह घायल हो गए। शोर सुनकर पड़ोसी भी फ्लैट पर आ गए। इसी दौरान आरोपी अनुराग और अभिषेक यादव धमकाते हुए भाग निकले। घायल आरती ने घटना की सूचना पति अरविंद को दी। घायल आरती व बेटे को अरविंद ने पड़ोसियों की मदद से राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया।

उसके बाद अरविंद ने बुधवार को बीबीडी थाने में तहरीर दी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इंस्पेक्टर राम सिंह ने बताया कि अरविंद का बेटा और अभिषेक यादव दोनों दोस्त थे। कुछ दिन पहले दोनों के बीच किसी बात को लेकर मोबाइल पर गाली-गलौज हुई थी। इसी बात को लेकर आरोपी ने साथी अनुराग यादव के साथ मिलकर पीड़ित परिवार पर हमला किया है।

यह भी पढ़ें:-बाराबंकी : सब रजिस्ट्रार के खिलाफ वकीलों की नाराजगी बढ़ी, डीएम से मिले

संबंधित समाचार