लखीमपुर खीरी: रेल पटरी में आई दरार, गैंगमैन की सतर्कता से टला हादसा
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। लखीमपुर ओयल के बीच शनिवार सुबह गैंगमैन की सतर्कता से बड़ा रेल हादसा होने से बच गया। रेल पटरियों के बीच आई दरार को शाम तक दुरुस्त कर लिया गया। इस दौरान रेल अधिकारियों ने कॉशन लिया और ट्रेनों को धीमी गति से गुजारते रहे।
शनिवार सुबह रेलवे ट्रैक की निगरानी कर रहे गैंगमैन को ओयल हॉल्ट से पहले रेल पटरियों में गैप दिखा। इसकी सूचना उसने लखीमपुर स्टेशन के अधिकारियों को दी। इस दौरान आ रही ट्रेन को कॉशन लेकर रवाना कराया गया। सूचना पर पहुंचे इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारियों ने ट्रैक को दुरुस्त कराने की कवायद शुरू करा दी।
ऐसे देर शाम तक ट्रेनों को कॉशन लेकर 20 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से ट्रैक से गुजारा गया। इस सम्बंध में पूर्वोत्तर रेलवे के जन सम्पर्क अधिकारी महेश गुप्ता ने बताया कि रेलवे ट्रैक में कुछ तकनीकी दिक्कत आ गई थी। जिसे सम्बंधित अधिकारी ठीक करवा रहे है।
