बरेली: मेगा फूड पार्क का साइट प्लान तैयार, 2450 रुपये प्रति वर्ग मीटर से खरीदें भूमि

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली,अमृत विचार। बहेड़ी क्षेत्र में 2021 तक मेगा फूड पार्क विकसित हो जाएगा। फूड पार्क में कंपनियों को बुलाने के लिये बिजली, पानी व सड़क समेत अन्य इंतजाम पूरे कर लिये गये हैं। दिसंबर माह में उद्यमियों को आमंत्रित करने के लिये विज्ञप्ति निकाली जाएगी। पार्क का साइट प्लान तैयार हो गया है। 600 वर्ग …

बरेली,अमृत विचार। बहेड़ी क्षेत्र में 2021 तक मेगा फूड पार्क विकसित हो जाएगा। फूड पार्क में कंपनियों को बुलाने के लिये बिजली, पानी व सड़क समेत अन्य इंतजाम पूरे कर लिये गये हैं। दिसंबर माह में उद्यमियों को आमंत्रित करने के लिये विज्ञप्ति निकाली जाएगी। पार्क का साइट प्लान तैयार हो गया है। 600 वर्ग मीटर से लेकर 30 हजार वर्ग मीटर तक के प्लॉट पार्क में उपलब्ध हैं।

राज्य औद्योगिक विकास निगम (यूपीसीडा) ने 2450 रुपये प्रति वर्ग मीटर भूमि का रेट निर्धारित किया है। माना जा रहा है कि दिसंबर माह में विज्ञप्ति निकलते ही कंपनियां आवेदन करना शुरू कर देंगी। उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर के पंतनगर सिडकुल, सितारगंज सिडकुल की कई फूड प्रोसेसिंग यूनिट के प्रबंधनों ने यूपीसीडा के अधिकारियों से संपर्क भी किया है।

शनिवार को शहर विधायक डा. अरुण कुमार ने यूपीसीडा के रीजनल मैनेजर संतोष कुमार को फोन कर फूड पार्क में प्लॉट खरीदने समेत अन्य विषयों पर जानकारी ली। रीजनल मैनेजर संतोष कुमार ने बताया कि विज्ञप्ति देशभर में निकाली जाएगी।

इसके बाद साइट प्लान एमएस मित्रा की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया जाएगा। उसमें प्लॉटों व रेट समेत अन्य जानकारी अपलोड रहेगी। उद्यमी मित्रा वेबसाइट के जरिये प्लॉट खरीदने के लिये आवेदन कर सकते हैं। उम्मीद जतायी कि 2021 में कंपनियां आ जाएंगी और उनके सेटअप भी तैयार हो जाएंगे। वर्ष 2022 में कंपनियां प्रोडक्शन भी शुरू कर देंगी। इस बीच, पार्क की कमियों को भी पूरा कर लिया जाएगा। पार्क में उद्यमियों का पूरा ख्याल रखा जाएगा।

परसाखेड़ा से 1950 रुपये प्रति वर्गमीटर सस्ते हैं प्लॉट
रीजनल मैनेजर ने बताया कि औद्योगिक आस्थान परसाखेड़ा में 4400 रुपये प्रति वर्ग मीटर भूमि का रेट है लेकिन मेगा फूड पार्क में परसाखेड़ा से 1950 रुपये कम में प्लॉट उपलब्ध हैं। बहेड़ी में मुख्य सड़क से दूर भी नहीं है।

सात साल पहले मुड़िया मुकर्रमपुर गांव के पास रखी गयी थी नींव
बहेड़ी तहसील के मुड़िया मुकर्रमपुर गांव के पास सीलिंग की 250 एकड़ जमीन पर मेगा फूड पार्क की नींव सात साल पहले सपा शासनकाल में रखी गयी थी लेकिन सरकार बदलने के बाद कई साल तक मेगा फूड पार्क की सुध नहीं ली गयी। पार्क की कुछ भूमि पर अतिक्रमण तक कर लिया गया है। यूपीसीडा के अधिकारियों ने प्रशासन के सहयोग से अतिक्रमण हटवाया था। वर्ष 2019 तक बैठकें शासन स्तर पर भी हुईं पर फूड पार्क को विकसित करने के कोई प्रयास नहीं हुये।

यूपीसीडा के सीईओ मयूर माहेश्वरी ने फूडपार्क को विकसित कराने के लिये शासन स्तर पर पहल की। इसके साथ रीजनल मैनेजर संतोष कुमार ने स्थानीय स्तर पर मॉनीटरिंग कर व्यवस्थाएं दुरुस्त करायीं। तब इसे विकसित करने की तैयारी तेज हुई। अब पार्क उद्यमियों को बुलाने के लिये तैयार है।

संबंधित समाचार