सहसवान में मकान की छत गिरने से महिला की मौत...मूसाझाग में घर ढहने से सात घायल
सहसवान/बदायूं, अमृत विचार। कभी रिमझिम तो कभी झमाझम बारिश दो घरों पर कहर बनकर टूटी। सहसवान कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पठान टोला में मकान की छत गिर गई। जिसके मलबे में दबकर एक महिला की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए। वहीं थाना मूसाझाग क्षेत्र के गांव उतरना में मकान गिरा। जिसमें एक महिला और चार बच्चे घायल हो गए। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बुधवार से रुक-रुककर बारिश हो रही है। जिसकी वजह से कई जगहों पर जलभराव हो गया है। वहीं पुराने मकान कमजोर रहे हैं। जिसके चलते दोनों हादसे हुए। सहसवान कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला शहबाजपुर निवासी शबीना (22) तकरीबन एक महीने से अपने चाचा अरशद के घर कस्बा के मोहल्ला पठान टोला में रह रही थीं। बुधवार रात बारिश की वजह से शबीना, आरिश (18) पुत्र अरशद और मोना (22) पुत्री अरशद घर में भीतर कमरे में सोए थे। रात लगभग तीन बजे मकान का लिंटर अचानक भरभराकर गिर गया।
शबीना, आरिश और मोना मलबा के नीचे दब गए। तेज आवाज सुनकर परिजन भागे और पड़ोसी भी आ गए। खासी मशक्कत के बाद मलबा हटाया। तीनों का मलबे से बाहर निकाला लेकिन तब तक शबीना की मौत हो चुकी थी। परिजन तीनों को अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सक ने शबीना की मौत की पुष्टि कर दी। वहीं घायलों को भर्ती कर लिया है।
दूसरा हादसा मूसाझाग क्षेत्र के गांव उतरना में हुआ। गांव निवासी कुंवरसेन पुत्र सियाराम का मकान रात में अचानक गिर गया। जिसके मलबा में दबकर उनकी पत्नी रीता (30), बेटी सोनम (12), मोनू (9), गोलू (8) और सनी (4) घायल हो गए। परिजन और ग्रामीणों ने घायलों को अस्पताल ले जाकर इलाज कराया। ग्रामीणों के अनुसार कुंवरसेन के घर के पास तालाब में पानी भरा होने की वजह से उनका मकान कमजोर हो गया था। जिसके चलते गिर गया।
