अमरोहा: कांवड़ियों की सब्जी में अंडे की ग्रेवी ? नेशनल हाईवे पर खूब हुआ हंगामा
गजरौला, अमृत विचार। सावन माह के पहले दिन ही नेशनल हाईवे पर खाना खाने के लिए रूके कांवड़ियों ने होटल पर अंडे की ग्रेवी में छोले मिलाने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। इसी बीच होटल के कारीगर से कांवड़ियों की हाथापाई हो गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने कांवड़ियों को होटल मालिक पर कार्रवाई करने का आश्वसन देकर शांत कराया। पुलिस के समझाने पर कांवड़िया गंतव्य की ओर रवाना हो गए।
सम्भल जनपद के हजरतनगर गढ़ी थाना क्षेत्र के रहटौल गांव निवासी शेखर ठाकुर, सुबोध, अमूल ठाकुर, कौशल, अनिकेत, शिवम कश्यप, अनिरुद्ध, पंकज, आशीष व शिवा समेत कई कांवड़ यात्री ब्रजघाट से जल लेकर वापस जा रहे थे। रास्ते में दिल्ली लखनऊ हाईवे पर सभी शिव भक्त ख्यालीपुर ढाल के पास एक ढाबा पर खाना खाने के लिए रुके। कांवड़ यात्रियों ने बताया कि उन्होंने छोले की सब्जी का आर्डर दिया था। आर्डर मिलने पर जैसे ही उन्होंने खाना शुरू किया। वैसे ही उन्हें लगा कि छोले अंडे की ग्रेवी में बने हुए हैं। तभी सभी ने होटल के कारीगर से शिकायत की। इस पर कारीगर कांवड़ यात्रियों से अभद्रता करने लगा।
तभी कांवड़िये भी भड़क गए और हंगामा करने लगे। जानकारी मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और कांवड़ियों को आश्वासन दिया कि वे लोग होटल स्वामी के खिलाफ कार्रवाई करेंगे। समझाने पर कांवड़ यात्री मांन गए। इसके बाद कांवड़ यात्री दोबारा बृजघाट पर गंगा स्नान करने लिए वापस गए और वहां स्नान करने के बाद जल भरकर जलाभिषेक करने के लिए रवाना हो गए। सीओ अंजली कटारिया ने बताया कि खाना खाने को लेकर कांवड़ियों की होटल पर काम करने वाले कर्मचारियों से नोंक-झोंक हुई थी। जिसके बाद कांवड़ियों को शांत करा दिया गया था। अंडे की ग्रेवी वाला कोई मामला नहीं है।
