बाराबंकी में मनाया गया पीआरडी स्थापना दिवस: मंत्री सतीश शर्मा बोले- PRD का योगदान प्रदेश के लिए अमूल्य

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रामसनेहीघाट/बाराबंकी, अमृत विचार। पायका मैदान सुमेरगंज में गुरुवार को 77वां पीआरडी स्थापना दिवस मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में राज्य मंत्री सतीश शर्मा ने निर्देश दिया कि फुटबॉल और बैडमिंटन के लिए मैदान में तुरंत आवश्यक जाल और पोल की व्यवस्था की जाए। इसके बाद पीआरडी की भव्य रैतिक परेड आयोजित की गई, जिसमें जवानों की लयबद्ध कदमताल और अनुशासन ने दर्शकों का मन मोह लिया।

मंत्री शर्मा ने परेड की सलामी ली और नेताजी सुभाषचंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। उन्होंने जवानों के समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि पीआरडी का योगदान प्रदेश के लिए अमूल्य है। पीआरडी जवानों का अनुशासन और ऊर्जा देखकर ऐसा लगा जैसे मैं किसी उच्चस्तरीय सैन्य परेड का निरीक्षण कर रहा हूं।

सरकार जवानों की मेहनत और सेवा का पूरा सम्मान करती है। विशिष्ट अतिथि शशिकांत वर्मा ने कहा कि पीआरडी हर चुनौती की पहली पंक्ति है और सरकार जवानों के हितों और सुविधाओं को लगातार मजबूत कर रही है। रैतिक परेड और जवानों के प्रदर्शन ने स्थापना दिवस को यादगार और प्रभावशाली बना दिया।

कार्यक्रम में फतेहपुर टोली के जवान उत्तम कुमार, पूरे डलई टोली के विवेक कुमार, बनीकोडर टोली के अमन कुमार, परेड कमांडेंट विक्रांत मिश्रा, बीओ विकास तिवारी, रोहित मिश्रा, अरविंद बाजपेई, तरूण तिवारी, शिवांशु पटेल, खंड शिक्षा अधिकारी संजय रॉय, प्रधानाचार्य श्याम नरायन, कुलदीप सिंह, पूर्व खिलाड़ी मो. अहमद सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

संबंधित समाचार