बाराबंकी: अराजक तत्वों के इशारे पर चल रहा कुरेलवा धान क्रय केंद्र
सूरतगंज, बाराबंकी। एक ओर जहां केंद्र सरकार से अपनी फसल के मूल्य की गारंटी के लिए दिल्ली में किसान लामबंद है वहीं दूसरी ओर धान क्रय केंद्रों पर अराजक तत्वों व बिचौलियों की दबंगई से बाराबंकी जनपद के विकासखंड सूरतगंज क्षेत्र में कुरेलवा धान क्रय केंद्र पर किसान अपना धान नहीं बेंच पा रहे हैं। …
सूरतगंज, बाराबंकी। एक ओर जहां केंद्र सरकार से अपनी फसल के मूल्य की गारंटी के लिए दिल्ली में किसान लामबंद है वहीं दूसरी ओर धान क्रय केंद्रों पर अराजक तत्वों व बिचौलियों की दबंगई से बाराबंकी जनपद के विकासखंड सूरतगंज क्षेत्र में कुरेलवा धान क्रय केंद्र पर किसान अपना धान नहीं बेंच पा रहे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार क्रय केंद्र पर बिचौलियों का बोलबाला है वास्तविक किसान महीनों से टोकन लेकर क्रय केंद्र की परिक्रमा कर रहे हैं परंतु उनकी सुनने वाला कोई नहीं है।
किसी किसान की बेटी का विवाह उसी धान के सहारे है तो किसी किसान की फसल में खाद पड़नी है। कोई किसान धान तुलवाने जाता है तो बरैया और अंदीपुर के कुछ बिचौलिए उसे वहां से खदेड़ देते हैं। धान से भरी कई दर्जन ट्राली क्रय केंद्र कुरेलवा में महीनों से सड़क के दोनों तरफ खड़ी है और कई किसान तो रामनगर तहसील में धरना प्रदर्शन भी कर चुके हैं। लेकिन इन अन्नदाताओं की बात तहसील से लेकर जिला प्रशासन तक सुनने वाला कोई नहीं है। जिनके पास दबंगई नही है और लड़ाई झगड़ा मार पीट करने से जो डरता है उन लोगों की ट्राली महीनों से खड़ी है।
कमजोर अन्नदाता रात को कंपकंपाती ठंड में सड़क किनारे धान से लदी ट्राली के नीचे लेटने को मजबूर हैं और बिचौलिए धड़ल्ले से अपनी मनमानी क्रय केंद्र पर कर रहे हैं। उन्हें किसी नम्बर की जरूरत नहीं है। कुरेलवा क्रय केंद्र के प्रभारी ने बताया कि एसडीएम के कहने पर तौल की जा रही हैं।
जबकि इस पूरे मामले पर उप जिलाधिकारी से बात की गई तो उन्होंने कहा धान क्रय केंद्र पर सरकार की मंशा के अनुरूप वास्तविक किसानों का धान तौला जा रहा है। मामले की जांच की जाएगी। दोषी पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
