लखीमपुर खीरी: ट्रैक्टर ट्रॉली हाइटेंशन लाइन की चपेट में आने से सात कांवड़िया झुलसे
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। थाना फरधान क्षेत्र में लटक रहे हाइटेंशन लाइन की चपेट में आकर सात कांवड़िया झुलस गए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव परौरी से कुछ कांवड़िया मंगलवार को कांवड़ लेकर छोटी काशी जा रहे थे। शहर से सटे थाना फरधान क्षेत्र में लालपुर चौराहे के आगे उनकी ट्रैक्टर ट्राली लटक रहे एक हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गई।
इससे ट्रैक्टर ट्राली पर बैठे और उसे पकड़ कर चल रहे कांवड़िया शिवम (16) पुत्र महेश, विकास (13) पुत्र मल्लू, रवि पुत्र सत्यवान, सुमित पुत्र रमेश निवासी निघासन, गोविंद (7) पुत्र अनिल निवासी कोष्टवा, विनय (15) पुत्र लेखराम, पवन (18) पुत्र बहादुर झुलस गए।
झुलसे पवन की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि बाकी अन्य कांवड़िया काफी डरे हुए हैं। सूचना पर पहुंचे सीओ सिटी रमेश कुमार तिवारी ने सभी कांवड़ियों को जिला अस्पताल भेजा है।
