बिहार में अपराध बेलगाम : होमगार्ड भर्ती दौड़ के दौरान बेहोश हुई महिला से एंबुलेंस में गैंगरेप, चिराग पासवान ने सरकार को घेरा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गयाजी। बिहार के गयाजी जिले में एक महिला ने आरोप लगाया है कि  होमगार्ड भर्ती दौड़ के दौरान बेहोश होने के बाद उसे अस्पताल ले जा रही एंबुलेंस में उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया गया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि होमगार्ड भर्ती दौड़ अभियान में शामिल पीड़िता द्वारा पहचाने गए एम्बुलेंस चालक और टेक्नीशियन को गिरफ्तार कर लिया है।

पीड़िता इमामगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली है। उसने पुलिस को बताया- एम्बुलेंस में 3 से 4 लोग थे, उन्होंने बेहोशी की हालत में मेरे साथ सामूहिक बलात्कार किया। पुलिस अधीक्षक (नगर) रामानंद कुमार कौशल ने बताया, ‘‘24 जुलाई को जब महिला दौड़ परीक्षा के दौरान बेहोश हो गई, तो उसे एंबुलेंस से गयाजी स्थित अनुग्रह नारायण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया। होश में आने पर महिला ने आरोप लगाया कि उसके साथ एंबुलेंस के अंदर बलात्कार किया गया।’’ 

उन्होंने कहा, ‘‘इसके बाद हमने एंबुलेंस में मौजूद चालक और एक तकनीशियन को हिरासत में लिया। महिला ने भी उनकी पहचान कर ली। आरोपियों का जवाब संतोषजनक नहीं था, इसलिए उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत उन पर मामला दर्ज किया गया।’’ कौशल ने कहा कि शिकायतकर्ता की मेडिकल जांच पूरी हो गई है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस बीच, राज्य में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार का समर्थन करने वाले केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और विपक्ष ने इस घटना की कड़ी आलोचना की है।

चिराग पासवान और विपक्ष ने की सरकार की आलोचना

गयाजी में एक रैली को संबोधित करने के लिए रवाना होने से पहले, पासवान ने पटना में पत्रकारों से कहा, ‘‘यह घटना निंदनीय है। दोषियों को भले ही पकड़ लिया गया हो, लेकिन प्रशासन ऐसे अपराधों को रोकने में असमर्थ है। स्थिति भयावह है और मुझे खेद है कि मैं एक ऐसी सरकार का समर्थन कर रहा हूं जो कानून-व्यवस्था को नियंत्रित करने में असमर्थ है।’’ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश कुमार ने दावा किया कि गयाजी की घटना कानून-व्यवस्था की बदतर स्थिति को दर्शाती है। उन्होंने कहा, ‘‘हमारी पार्टी यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि लड़की को न्याय मिले।’’ 

संबंधित समाचार