Bareilly: जिले में अब तक औसत 11 प्रतिशत कम हुई बारिश...1 जून से 3 अगस्त तक 374.1 मिमी बरसात

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। मानसून की रफ्तार ने इस बार जिलेवासियों को कुछ हद तक मायूस किया है। मौसम विज्ञान विभाग के आंकड़ों के अनुसार 1 जून से 3 अगस्त तक बरेली में 374.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जबकि इस अवधि में सामान्य (औसत) बारिश 419.9 मिलीमीटर होती है। यानी इस साल अब तक 11 प्रतिशत कम वर्षा हुई है।

इस मानसून सीजन की धीमी शुरुआत ने किसानों की चिंता बढ़ा दी थी। जून की शुरुआत में बारिश के अभाव के कारण कई क्षेत्रों में धान की बुवाई में देरी हुई। जुलाई में बारिश की गतिविधियां थोड़ी बढ़ीं, लेकिन अब तक का आंकड़ा दर्शाता है कि जिले में अब भी सामान्य बारिश का स्तर नहीं छू पाया है।

विशेषज्ञों के अनुसार मानसून की इस असमानता का कारण बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से उठने वाले मानसूनी दबाव क्षेत्रों की कमजोरी और स्थानीय वायुमंडलीय परिस्थितियां हैं। बरेली में जुलाई के अंतिम सप्ताह में कुछ अच्छी वर्षा दर्ज की गई, जिससे आंशिक राहत मिली, लेकिन कुल आंकड़े अब भी सामान्य से नीचे हैं। मौसम विभाग ने अगस्त के पहले दो हफ्तों में कुछ अच्छी वर्षा की संभावना जताई है, जिससे वर्षा घाटे की भरपाई की उम्मीद की जा रही है। यदि यह पूर्वानुमान सटीक बैठता है, तो खेती और जल संकट जैसी समस्याओं से राहत मिल सकती है। वहीं प्रशासन ने भी जल संरक्षण और सिंचाई संसाधनों के बेहतर प्रबंधन की दिशा में तैयारियां शुरू कर दी हैं।


अगले चार दिन बारिश से सुहाना रहेगा मौसम
जिले में रविवार को दिन की शुरुआत बारिश से होने के साथ होने से लोगों को उमस से राहत मिली। पूरे दिन बारिश ने लोगों को गर्मी से भी राहत दी। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि अभी चार दिन तक झमाझम बारिश होगी। जिले में बीते 24 घंटे में 10 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इस दौरान अधिकतम तापमान सामान्य से 2.3 डिग्री सेल्सियस कम 29.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

हवा में नमी सुबह 87 प्रतिशत और शाम को 98 प्रतिशत दर्ज की गई। आंचलिक मौसम केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार से गुरुवार तक मध्यम से भारी बारिश के आसार का पूर्वानुमान है। इस दौरान अधिकतम तापमान 26-27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज होने का पूर्वानुमान है। मंगलवार और बुधवार को बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 7 अगस्त को भी बारिश से मौसम सुहाना रहेगा। वहीं 8 और 9 अगस्त को धूप के साथ बादल छाए रहेंगे।

 

संबंधित समाचार