गोंडा को मिली बड़ी सौगात : 1647 करोड़ से बनेगा 20.57 किमी लंबा फोरलेन बाईपास, जाम से मिलेगी राहत

Amrit Vichar Network
Published By Vinay Shukla
On

अयोध्या-बलरामपुर मार्ग को जोड़ेगा नया बाईपास, दो आरओबी और तीन बड़े पुल भी बनेंगे

गोंड़ा, अमृत विचार :  जाम से जूझ रहे गोंडा शहर को केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने जिले में 1647 करोड़ रुपए की लागत से 20.57 किमी लंबा फोरलेन बाईपास बनाने को मंजूरी दी है। यह बाईपास अयोध्या रोड से शुरू होकर लखनऊ मार्ग को पार करते हुए बलरामपुर मार्ग से जुड़ेगा। इस प्रोजेक्ट के लिए नेशनल हाइवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया जल्द शुरू करेगी। पूरी प्रक्रिया में 1 से 1.5 वर्ष का समय लगने का अनुमान है।

VIP प्रयास का असर : यह परियोजना लंबे समय से स्थानीय मांग रही है। गोंडा-बहराइच-अयोध्या से आने वाले भारी वाहनों के शहर के भीतर से गुजरने से दैनिक जाम की समस्या उत्पन्न होती रही है। इस मुद्दे को लेकर गोंडा सांसद और केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने सरकार से निरंतर पत्राचार और पैरवी की, जिसके परिणामस्वरूप अब केंद्र ने इसे हरी झंडी दे दी है।

बाईपास में होंगे दो आरओबी और तीन बड़े पुल
  1. इस बाईपास पर दो रेलवे ओवरब्रिज (ROB) बनाए जाएंगे
  2. पहला, गोंडा-लखनऊ रेलखंड पर
  3.  दूसरा, गोंडा-बहराइच रेलखंड पर

इसके अलावा, टेढ़ी नदी और लखनऊ हाइवे को पार करने के लिए तीन बड़े पुल भी निर्माणाधीन प्रस्ताव में शामिल हैं।

किसानों की जमीन का होगा अधिग्रहण : बाईपास निर्माण के लिए जमीन अधिग्रहण भी किया जाएगा, जिसमें किसानों की भूमि भी शामिल है। स्वीकृत बजट में इस अधिग्रहण की राशि शामिल है। अधिकारियों का कहना है कि अधिग्रहण की प्रक्रिया में लगभग 12–18 महीने लग सकते हैं।

क्या बोले अधिकारी : एनएचएआई खंड लखनऊ के  अधिशाषी अभियंता राजकुमार पिथौरिया का कहना है कि "गोंडा शहर के बाहर से 20.57 किमी लंबा फोरलेन बाईपास बनाने की मंजूरी मिली है। इसके लिए 1647 करोड़ की राशि स्वीकृत हो चुकी है। निर्माण कार्य जमीन अधिग्रहण के बाद शुरू होगा।"

 कैसे मिलेगा फायदा?
  • भारी वाहनों को शहर में नहीं घुसना पड़ेगा
  • ट्रैफिक लोड कम होगा
  • स्थानीय लोग जाम की समस्या से राहत पाएंगे
  • आपातकालीन सेवाओं को बेहतर पहुंच मिलेगी

यह भी पढ़ें : CM योगी बोले, सहारनपुर मंडल बनेगा 'नए उत्तर प्रदेश' की रीढ़, जनप्रतिनिधियों संग संवाद में गिनाईं प्राथमिकताएं

संबंधित समाचार