लखीमपुर खीरी: खेत में चारा लेने गए युवक की शारदा नदी में डूबने से मौत
खमरिया, अमृत विचार। थाना क्षेत्र के महेवा गांव से खेत मे जानवरों के लिए चारा लेने गया युवक शारदा नदी से निकले नाले में डूब गया। मौके पर पहुची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से उसका शव नदी से बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
खमरिया थाना क्षेत्र के गांव मुंशीपुरवा मजरा महेवा निवासी राजू( 45) पुत्र रमई बरसात के दौरान जंगलीनाथ मंदिर के पास शारदा नदी से निकले नाले को पार कर जानवरों के लिए चारा लेने जा रहा था। जहां नाला पार करते वह गहरे पानी मे फंसकर डूब गया। जिसकी जानकारी होते ही परिजनों में चीख पुकार मच गई ।
मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से उसकी तलाश शुरू कराई। कुछ देर बाद युवक का शव नाले से बरामद हो गया। मृतक के भाई मुकेश की तहरीर पर थाना प्रभारी निरीक्षक ओपी राय ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं युवक की मौत से उसके परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
