मुरादाबाद: भाई की कलाई हुई सूनी...रक्षाबंधन से पहले मायके जा रही महिला की सड़क हादसे में मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। रक्षाबंधन पर भाई को राखी बांधने के लिए मायके आ रही बहन की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। हादसा गुरुवार सुबह कटघर थाना क्षेत्र में रामगंगा पुल के पास हुआ, जहां एक अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। इस हादसे में महिला के साथ उसका चार वर्षीय बेटा और भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है, रक्षाबंधन की खुशियां मातम में तब्दील हो गईं।

थाना मूंढापांडे क्षेत्र के गांव नाजरपुर अक्कापांडे निवासी प्रिया (24) पुत्री विनोद की शादी वर्ष 2020 में नॉर्थ ईस्ट दिल्ली के खजूरी निवासी फिजियोथेरेपिस्ट विशाल से हुई थी। दंपती का एक चार वर्षीय बेटा रुद्र है। गुरुवार की सुबह प्रिया रक्षाबंधन मनाने के लिए अपने भाई प्रिंस के साथ बाइक से बेटे को लेकर मायके लौट रही थी। जब बाइक रामगंगा पुल के पास हाईवे पर पहुंची तो पीछे से तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक अनियंत्रित होकर फिसलते हुए डिवाइडर से टकरा गई। 

हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्काल एम्बुलेंस बुलवाकर घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। जहां चिकित्सकों ने प्रिया को मृत घोषित कर दिया और शव को मोर्चरी में भिजवा दिया गया। घायल बेटे रुद्र का इलाज गांधीनगर स्थित अस्पताल में जबकि भाई प्रिंस का उपचार दलपतपुर के निजी अस्पताल में चल रहा है। इधर, हादसे की सूचना मिलते ही मायके और ससुराल दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। हादसे के बाद वाहन चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। फरार वाहन और चालक की तलाश की जा रही है।

 

संबंधित समाचार