UP : बाढ़ से टकराकर चिरवारा बांध टूटा...कई गांवों में घुसा पानी
संभल/रजपुरा, अमृत विचार। पहाड़ों पर बरसात के बाद उफनाई गंगा से बने बाढ़ के हालात के बीच मंगलवार को गुन्नौर तहसील के चिरवारा में गंगा किनारे बना बांध टूटने से हड़कंप मच गया। प्रशासनिक अफसरों की मौजूदगी में सरकारी अमले व ग्रामीणों ने कई घंटे की मशक्कत के बाद बांध की मरम्मत की।
गंगा में जलस्तर बढ़ने के कारण बाढ़ का पानी सुरक्षा बांध से टकराने लगा है। दबाव पड़ने से रात्रि के समय चिरवारा बांध टूट गया। जिसके चलते पानी गांव चिरबारा, नगला डुमायल,सिंघोंला पुख्ता सहित आदि गांवों के जंगलों में पानी बढ़ने लगा। तोतापुर गांव के नजदीक सड़क कट गई जिसके चलते चार पहिया वाहन गांव में नहीं आ सकता । कई घरों में तीन-तीन फुट तक पानी भर गया है।
बझांगी गांव को बाढ़ ने घेर लिया है। उदयवीर, कल्याण ,नन्हे, देवेन्द्र,मंगली सहित आदि के घरों में पानी प्रवेश कर गया है। प्रशासन द्वारा साधू मढ़ी आश्रम गंगा घाट पर नाव का बंदोबस्त कराया गया है। जहां किसान नाव की सुविधा मिलने के चलते अपने खेतों से चारा काट कर ला रहे हैं।
आनन फानन में कराई टूटे बांध की मरम्मत
जुनावई,अमृत विचार: गुन्नौर तहसील के चिरवारा में बांध टूटने की खबर के बाद जहां तमाम ग्रामीण इकटठा होकर मौँके पर पहुंचीं वहीं एसडीएम वंदना मिश्रा सरकारी अमले व बुलडोजर को लेकर बांध की मरम्मत कराने के लिए पहुंच गईं। कई घंटे की मशक्कत के बाद बांध को दुरुस्त कर दिया गया। उपजिलाधिकारी वंदना मिश्रा ने बताया कि गांव चिरवारा के नजदीक बांध कट जाने की सूचना पर मौके पर पहुंचकर मरम्मत का काम करा दिया गया है। बांध कटने से किसी गांव में पानी नहीं पहुंचा है केवल खेतों में पहुंचा है।
चार गांव की बिजली आपूर्ति की गई बंद
बबराला। गंगा किनारे बसे गांवों में बाढ़ को देखते हुए एहतियात के तौर पर बबराला खंड क्षेत्र के चार गांवों की विद्युत आपूर्ति बंद कर दी गई है। अधिशासी अभियंता अजय शुक्ला ने बताया कि मध्यांचल विद्युत वितरण निगम, बदायूं को बाढ़ संभावित गांवों में चौकसी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि हम हालात पर लगातार निगाह बनाये हुए हैं।
