शाहजहांपुर : जलस्तर में उतार-चढ़ाव से प्रशासन चिंतित, मिर्जापुर ब्लॉक के कई गांवों में तबाही 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शाहजहांपुर, अमृत विचार। कलान तहसील के मिर्जापुर ब्लॉक में बाढ़ का कहर इस बार भी तटीय गांवों पर भारी पड़ रहा है। पैलानी, इस्लामनगर, आजादनगर समेत कई स्थानों पर गंगा और रामगंगा का जलस्तर बढ़ने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। खेत-खलिहान से लेकर ग्रामीणों के मकान और घरेलू सामान पानी में तबाह हो रहे हैं।

प्रशासन की ओर से राहत सामग्री बांटी जा रही है, लेकिन पीड़ितों की जरूरतों के आगे यह नाकाफी साबित हो रही है। शेल्टर होम में उमस और गर्मी ने ग्रामीणों का जीना मुश्किल कर दिया है। यहां दिन और रात गुजारना किसी सजा से कम नहीं लग रहा। कई गांवों में सड़कें टूट जाने से लोग नावों के सहारे जरूरी सामान लाने को मजबूर हैं। 

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में एसडीएम कलान अभिषेक सिंह ने राजस्व टीमों के साथ संपर्क मार्गों का निरीक्षण किया और प्रभावित परिवारों तक राहत सामग्री पहुंचाने की व्यवस्था देखी। उन्होंने बताया कि नावों की व्यवस्था आवश्यकता अनुसार की जा रही है और बाढ़ नियंत्रण कक्ष से जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है।

संबंधित समाचार