चार वरिष्ठ पार्षद दावेदार, गब्बर और अरुण राय रेस में आगे... कार्यकारिणी उपाध्यक्ष पद के लिए भाजपा पार्षदों में जोर आजमाइश
अगले हफ्ते कार्यकारिणी बैठक में होगा निर्णय
लखनऊ, अमृत विचार : नगर निगम की 12 सदस्यीय कार्यकारिणी पूरी होने के बाद अब उपाध्यक्ष पद के लिए भाजपा पार्षदों में जोर आजमाइश शुरू हो गई है। कार्यकारिणी में 10 भाजपा और दो सपा के सदस्य हैं। बहुमत के आधार पर भाजपा का उपाध्यक्ष चुना जाना तय है।
कार्यकारिणी के 10 भाजपा के सदस्यों में चार वरिष्ठ पार्षद उपाध्यक्ष पर जबरदस्त दावेदारी कर रहे हैं। रेस में सबसे आगे पेपर मिल वार्ड से भाजपा पार्षद राजेश सिंह गब्बर का नाम है। अरुण कुमार राय, चौक काली जी वार्ड से अनुभवी पार्षद अनुराग मिश्रा अन्नू और भृगुनाथ शुक्ला अपनी प्रबल दावेदारी कर रहे हैं। माना जा रहा है कि महापौर सुषमा खर्कवाल के करीबी और विश्वासपात्र पार्षद को ही उपाध्यक्ष पद की कुर्सी मिलेगी। अगले पर हफ्ते कार्यकारिणी की बैठक में निर्णय हो सकता है।
कार्यकारिणी में भाजपा के सदस्य
नगर निगम कार्यकारिणी में रविवार को चिनहट प्रथम वार्ड से अरुण कुमार राय, पेपर मिल कालोनी से राजेश सिंह गब्बर, अलीगंज वार्ड से पृथ्वी गुप्ता, राजा बिजली पासी द्वितीय से पिंकी रावत और ऐशबाग वार्ड से संदीप शर्मा चुने गए। इसके अलावा अनुराग मिश्रा अन्नू, भृगुनाथ शुक्ला, गौरी सांवरिया, केएन सिंह और चरनजीत गांधी पहले से कार्यकारिणी सदस्य हैं।
