UP : दर्दनाक...दो महीने पहले कुत्ते ने चाटा था घाव, अब रेबीज से दो साल के मासूम की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सहसवान, अमृत विचार। सहसवान क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। रेबीज के वायरस से दो साल के बच्चे की मौत हो गई। तकरीबन दो महीने पहले बच्चे को खेलते समय चोट लग गई थी। कुत्ते ने उसके घाव को चाट लिया था। बच्चे के शरीर में रेबीज का वायरस फैल गया था। मौत के परिजनों में कोहराम मचा है। 

मामला कोतवाली सहसवान क्षेत्र के गांव सुजातगंज बेला का है। लगभग दो महीने पहले अनीस का दो साल का बेटा अदनान घर के पास खेल रहा था। खेलते समय उसे चोट लग गई और खून बहने लगा। पास में घूम रहे एक कुत्ते ने उसके घाव को चाट लिया था। परिजनों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। कुछ दिन पहले बच्चे में रेबीज के लक्षण दिखने लगे। वह अजीब हरकत करने लगा। परिजन उसे झाड़फूक कराने ले गए लेकिन आराम नहीं मिला। 

रविवार को बच्चे ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भय का माहौल हो गया। परिजनों ने कहा कि अगर उन्हें रेबीज के खतरे की जानकारी होती होती तो बच्चे की जान नहीं जाती। बच्चे की मौत के बाद दो दर्जन लोग रेबीज के टीका लगवाने पहुंचे। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रशांत त्यागी ने बताया कि यह मामला जागरूकता की कमी का परिणाम है। अगर किसी को भी कुत्ता, बिल्ली, बंदर आदि काट लें या घाव को चाट लें तो इसे हल्के में नहीं लेना चाहिए। ऐसे में तुरंत रेबीज का टीका लगवाना बेहद जरूरी है, वरना स्थिति जानलेवा हो सकती है।

संबंधित समाचार