लखीमपुर खीरी : जिला कारागार का औचक निरीक्षण करने पहुंचे डीएम-एसपी, बंदियों से लिया फीडबैक
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। जिला कारागार की व्यवस्थाओं की हकीकत जानने के लिए डीएम और एसपी अचानक जिला कारागार पहुंचे। जेल का निरीक्षण कर बंदियों से बातचीत की और सुविधाओं का फीडबैक लिया। खाने की गुणवत्ता और साफ-सफाई ठीक मिलने पर संतोष जताया।
दोपहर करीब एक बजे डीएम दुर्गा शक्ति नागपला एसपी संकल्प शर्मा के साथ जिला जेल पहुंची। डीएम-एसपी को देख कर जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। दोनों अधिकारियों ने जेल परिसर की साफ-सफाई, भोजन की गुणवत्ता, अस्पताल और बैरिकों का जायजा लिया। बंदियों से बातचीत में उन्होंने भोजन-पानी, स्वास्थ्य सुविधा और रहने की स्थिति की जानकारी हासिल की। संतोषजनक स्थिति मिलने पर उन्होंने जेल प्रशासन को इसे नियमित बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान बैरिकों की भी सघन तलाशी ली गई।
किसी भी तरह की आपत्तिजनक वस्तु बरामद नहीं हुई। डीएम को जेलर देवकांत वर्मा ने बताया कि नियमित चेकिंग की जाती है। डीएम-एसपी ने निर्देश दिए कि संवेदनशील बंदियों पर विशेष निगरानी रखी जाए और समय-समय पर उनकी गतिविधियों की रिपोर्ट दी जाए। साथ ही जेल के सीसीटीवी कंट्रोल कक्ष का अवलोकन कर कैमरों के जरिए पूरे परिसर की गतिविधियों की जानकारी ली। 24 घंटे निगरानी सुनिश्चित करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान जेल अधीक्षक पीडी सलोनिया, धीरेंद्र प्रताप सिंह राठौड़, प्रतिभा सिंह सेंगर, भोजराज सिंह और रीता राजभर आदि मौजूद रहे।
