बदायूं : अपहरण और हत्या की दी सूचना, अगले दिन खुद पुलिस के पास पहुंचा युवक
पुरानी रंजिश के चलते पड़ोसी को फंसाने के चक्कर में खुद गायब हो गया था युवक
कुंवरगांव, अमृत विचार। थाना कुंवरगांव क्षेत्र के एक गांव में पुरानी रंजिश के चलते विरोधी को फंसाने के लिए युवक खुद लापता हो गया। युवक के पिता ने डायल 112 पुलिस को बेटे की हत्या करने की सूचना दे दी। हत्या की सूचना पर दौड़ी पुलिस ने विरोधी के घर से पांच लोगों को हिरासत में लिया। आठ घंटे बाद शिकायतकर्ता का बेटा खुद वापस घर आ गया। पुलिस ने दोनों पक्ष का शांतिभंग में चालान कर दिया।
गांव वाबट निवासी नरेश पटेल ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना देकर बताया कि पड़ोसी मंजनू पटेल ने अपने साथियों की मदद से उनके बेटे शरद पटेल की अपहरण करके हत्या कर दी है और अब उनकी हत्या के लिए उनके घर आए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तो मंजनू पटेल के घर कई लोग घर पर मौजूद थे। घर का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया था। जिसके चलते थाने पर सूचना देकर वहां से पुलिस को बुलाया। प्रभारी निरीक्षक वेदपाल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। चार-पांच युवकों को हिरासत में लेकर थाने ले गए।
पुलिस की पूछताछ में उन्होंने बताया कि दो दिन पहले दोनों पक्ष में झगड़ा हो गया था। दोनों पक्ष में फैसला भी हो गया था। लेकिन बाद में फिर से झगड़ा हो गया। पुलिस ने लापता शरद पटेल की तलाश शुरू कर दी। उसका मोबाइल फोन बंद जा रहा था। रात लगभग एक बजे उसका मोबाइल खुल गया। पुलिस ने उससे बात की। मंगलवार को वह अपने परिजनों के साथ थाने पहुंचा। बताया कि उसके पिता ने विरोधियों को फंसाने के लिए पुलिस को उसकी हत्या की सूचना दी थी। पुलिस ने मंजनू और शरद पटेल का चालान किया है। प्रभारी निरीक्षक वेदपाल सिंह ने बताया कि पुरानी रंजिश के चलते हत्या और अपहरण की झूठी सूचना देने वाला युवक खुद ही लापता हो गया था।
