असम से फाइनेंस पर ट्रैक्टर खरीद यूपी में बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश
मुरादाबाद, अमृत विचार। पाकबड़ा थाना पुलिस ने ट्रैक्टरों की तस्करी और सरकारी योजनाओं के दुरुपयोग में लिप्त एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है। असम से फाइनेंस पर खरीदे गए ट्रैक्टरों को उत्तर प्रदेश लाकर महंगे दामों पर बेचने वाले तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर छह ट्रैक्टर बरामद किए गए हैं।
बुधवार को पुलिस लाइन में हुई प्रेसवार्ता में एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि मास्टरमाइंड सहारनपुर निवासी आशीष मल्होत्रा है, जो ट्रैक्टर रिपेयरिंग गैराज चलाता है। उसके साथ पकड़े गए अन्य दो आरोपी हैं। थाना मैनाठेर क्षेत्र के रसूलपुर निवासी मोहम्मद रिजवान और संभल जिले के असमोली थाना क्षेत्र के मंसूरपुर गांव का मोहम्मद जुनेद असम में किसानों को सरकारी योजनाओं के तहत सब्सिडी और फाइनेंस की सुविधा से ट्रैक्टर दिलवाते और फिर उन्हें कम दाम में खरीद लेते थे।
इसके बाद ट्रैक्टरों को यूपी लाकर नकली कागजात तैयार कर ऊंचे दामों पर बेच देते थे। इस बार भी आरोपी दो कंटेनरों में छह ट्रैक्टर लादकर सहारनपुर ले जा रहे थे। गुप्त सूचना पर पाकबड़ा पुलिस ने कंटेनरों को रोककर तलाशी ली और ट्रैक्टर बरामद कर लिए। पूछताछ में सामने आया कि गिरोह पहले भी कई बार इसी तरीके से ट्रैक्टरों की तस्करी कर चुका है। पुलिस ने 6 ट्रैक्टर बरामद कर आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
पुलिस पता लगा रही नेटवर्क में और कौन लोग शामिल
एसपी सिटी ने बताया कि गिरोह से जुड़े फर्जी दस्तावेज, मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल सबूत भी जब्त किए गए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस नेटवर्क में और कौन लोग शामिल हैं और अब तक कितने ट्रैक्टरों की अवैध बिक्री की जा चुकी है। ।
