UP : सिलई बड़ा गांव में दामाद ने ससुर पर फावड़े से हमला कर उतारा मौत के घाट
रामपुर, अमृत विचार। बेटी और दामाद के बीच विवाद सुलझाने आए सास-ससुर सहित अन्य रिश्तेदारों पर दामाद ने फावड़े से ताबड़तोड़ वार कर दिया। हमले में घायल ससुर को सीएचसी ले जाया गया जहां उनकी मौत हो गई। जबकि सास और उसकी ननद गंभीर रूप से घायल हो गई। दोनों महिलाओं को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। जबकि शव को मोर्चरी भेज दिया।
बुधवार रात मिलक तहसील क्षेत्र के सिलई बड़ा गांव से पुलिस को सूचना मिली कि गांव में दामाद ने ससुरालियों पर हमला कर दिया है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और गोली लगने से घायल महिला और पुरुष को मिलक के सरकारी अस्पताल लाया गया। जहां अफसर अली नाम के व्यक्ति को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल अख्तरी और शन्नो दोनों महिलाओ को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घायल महिला शन्नो ने बताया कि मृतक उसका पति अफसर अली था। थाना टांडा के हौंसपुर निवासी इस्लाम मृतक के बहनोई भी साथ थे। उन्होंने बताया कि जिला मुरादाबाद स्थित थाना मूंढापांडे के सिरसखेड़ा गांव निवासी अफसर अली की गोली लगने से मौत हो गई है। अफसर अली की इकलौती बेटी अरमाना की शादी वर्ष 2020 में सिलई बड़ा गांव निवासी नदीम से हुई थी।
नदीम दिल्ली में सैलून में काम करता है। अफसर अली का दामाद अरमाना को दहेज को लेकर परेशान करता था। साले के कहने पर वह अपनी पत्नी अख्तरी, साले अफसर अली, उसकी उसकी पत्नी शन्नो और अन्य रिश्तेदारों के साथ सिलई बड़ा गांव पहुंचे थे। सबसे पहले उन्होंने गांव स्थित चौकी पर जाकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने उनसे कहा कि वह दामाद के घर जाकर बातचीत करें। कुछ देर बाद पुलिस पहुंच जाएगी। दामाद के घर पहुंचने पर उन लोगों ने गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। आरोप लगाया कि छुरियां, फावड़ा, लाठी-डंडे आदि लेकर उन पर टूट पड़े। आरोप लगाया की नदीम ने अफसर अली, उसकी पत्नी अख्तरी पर फावड़े से हमला कर दिया। जान बचाकर रिश्तेदार वहां से भाग गए।
वह लोग भी वहां से भागने लगे। पीछा करके उन लोगों को बुरी तरह मारा पीटा, जिससे वह घायल हो गए। हमले में अफसर अली के सिर में ज्यादा चोट आई, जिससे उनकी मौत हो गई। कोतवाली कार्यवाहक प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि सिलई बड़ा गांव में मारपीट की सूचना मिली थी। मौके पर दो महिला और एक पुरुष गंभीर रूप से घायल मिले। उन्हें नगर के सरकारी अस्पताल लाया गया। वहां चिकित्सकों ने घायल व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। दोनों घायल महिलाओं को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजन की ओर से अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। परिजन घायलों के साथ जिला अस्पताल गए हुए हैं। आरोपी व्यक्ति पुलिस की हिरासत में है, तहरीर के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
तमंचे और फावड़े से हमले में उलझी रही पुलिस
मामले में मृतक अफसर अली के बहनोई इस्लाम ने बताया कि आरोपी दामाद नदीम ने तमंचे से गोली मारी है। और कई राउंड फायरिंग किए। हालांकि मामले में एसपी विद्या सागर मिश्र ने बताया है कि आरोपी दामाद ने फावड़े से हमला किया है, जिससे उसके ससुर की मौत हुई है। मामले में पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है।
