बरेली में अवैध रह रहीं तीन बांग्लादेशी बहनें गिरफ्तार, फर्जीवाड़े से बनवा लिया था पासपोर्ट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली,  अमृत विचार। प्रेमनगर पुलिस ने लंबे समय से अवैध तरीके से रह रहीं तीन बांग्लादेशी बहनों को शुक्रवार को गिरफ्तार किया है। बड़ी बहन ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर दो पासपोर्ट भी बनवा लिए। इतना ही नहीं, इन पासपोर्टों पर उसने कई विदेश यात्राएं भी की। पुलिस तीनों बहनों से उनके बरेली प्रवास और फर्जी तरीके से तैयार कराए गए पासपोर्टों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

प्रेमनगर थाने में तैनात दरोगा वीरेश भारद्वाज ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि ग्राम शीकरी थाना बैनापुलपोर्ट जिला जेस्सोर खुलना बांग्लादेश की मुनारा बी, सायरा बानो और तसलीमा मुनारा अपनी पहचान छिपाकर लंबे समय से रह रही थीं। पुलिस के अनुसार मुनारा बी प्रेमनगर के थाना क्षेत्र के मौलानगर में रहती हैं। 

यहां पर उसने फर्जीवाड़ा करके निवास और पहचान के कागजात तैयार कराए और इनके सहारे दो पासपोर्ट बनवा लिए। मुनारा बी ने इन्हीं पासपोर्ट के जरिये कई बार बांग्लादेश और दुबई समेत अन्य खाड़ी देशों की यात्रा कर चुकी। मुनारा बी कुछ समय बाद अपनी दो बहनों सायरा बानो और तसलीमा मुनारा को भी यहां ले आई। आरोप है कि मुनारा ने दोनों बहनों को कस्बा हाफिजगंज में रखवा दिया।

पुलिस ने गोपनीय सूचना के आधार पर तीनों बहनों को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। तीनों बहनों से पुलिस और खुफिया विभाग लगातार पूछताछ कर रही है। पुलिस तीनों से यहां आने और पहचान के दस्तावेज और पासपोर्ट बनवाने में मदद करने वालों के बारे में जानकारी हासिल करने की कोशिश कर रही है। पुलिस को उम्मीद है कि फर्जी कागजात तैयार कराने में स्थानीय लोगों ने मदद की है। प्रेमनगर थाना प्रभारी आशुतोष रघुवंशी ने बताया कि तीनों बहनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। तीनों से गंभीरता से पूछताछ की जा रही है। पूरे नेटवर्क का शनिवार को खुलासा किया जा सकता है।

संबंधित समाचार