पीलीभीत: डग्गामार वाहनों पर कार्रवाई...भड़के ईको चालकों ने थाने के बाहर किया हंगामा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत, अमृत विचार।  शहर के नौगवां चौराहा से ईको समेत और दूसरे डग्गामार वाहनों का संचालन धड़ल्ले से किया जा रहा है। जिसके खिलाफ रोडवेज कर्मियों ने मोर्चा खोल रखा है। असर ये हुआ कि अब पुलिस ने कई ईको वाहनों के चालान कर दिए। दूसरी तरफ पुलिस की कार्रवाई खिलाफ ईको चालक एकजुट होकर प्रताड़ित करने का आरोप लगा रहे हैं। सुनगढ़ी थाने के बाहर विरोध प्रदर्शन किया गया। सुनगढ़ी इंस्पेक्टर ने ईको चालकों से बातचीत कर मामला शांत कराया। फिलहाल अब इस समस्या के समाधान के लिए सोमवार को बैठक बुलाई गई है।

दरअसल पिछले कई दिनों से रोडवेज के चालक परिचालक नौगवां चौराहा से संचालित हो रही ईको समेत अन्य डग्गामार वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। गत दिनों भी जुलूस निकालकर कलेक्ट्रेट पहुंचकर ज्ञापन दिया था। उनका कहना था कि अवैध तरीके से डग्गामार वाहनों का संचालन जारी है। इससे रोडवेज की आय पर फर्क पड़ रहा है। वहीं, सवारियां न मिलने पर उनके वेतन से भी कटौती की जा रही है। ऐसे में अवैध रुप से संचालित हो रहे वाहनों पर कार्रवाई की जाए।  इससे पहले भी कई बार रोडवेज कर्मियों और ईको चालकों के बीच विवाद हो चुका है। 

रोडवेज कर्मियों के विरोध के बाद पुलिस प्रशासन और परिवहन विभाग सख्त हुआ। ईको वाहनों पर कार्रवाई शुरू कर दी गई। बताते हैं कि शनिवार को एक-एक कर दर्जनों वाहन चालान व सीज की कार्रवाई करते हुए जब्त कर लिए गए। इसे लेकर कोई ठोस जानकारी भी ईको चालकों को नहीं दी गई। इस पर कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए ईको चालक जमा हुए और पहले राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार के कार्यालय पहुंचे। मगर वहां राज्यमंत्री के न होने की जानकारी पर वापस आ गए। इसके बाद सुनगढ़ी थाना पहुंचे। आरोप है कि थाने पर मौजूद जिम्मदेार पुलिसकर्मियों ने उनकी सुनी ही नहीं।

फिर खफा ईको चालक सुनगढ़ी थाने के बाहर जमीन पर बैठ गए और नारेबाजी शुरू कर दी। उनका कहना था कि गलत तरीके से वाहनों पर कार्रवाई की जा रही है। नारेबाजी का शोर मचते ही भीतर मौजूद इंस्पेक्टर पवन कुमार पांडेय बाहर निकले। ईको चालकों के साथ ही अधिकारियों से वार्ता की गई। बेवजह थाना गेट पर प्रदर्शन और हल्लका करने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। ईको चालकों ने अपनी समस्या बताई और फिर अंत में सोमवार को बैठक बुलाए जाने की जानकारी देते हुए आश्वस्त किया गया। इस पर सभी वापस चले गए। इस दौरान हंगामा मचा रहा।

संबंधित समाचार