बरेली: महंगा किराया और उम्र की बंदिशें तोड़ रहीं हज जाने का सपना
अमृत विचार, बरेली। उम्र की बंदिशें और महंगे किराये ने हज पर जाने वाले जायरीन के ख्वाब तोड़ दिए हैं। पिछले साल के मुकाबले इस बार किराये में करीब एक लाख 34 हजार रुपये की बढ़ोतरी हुई तो मंडल में करीब 1500 हज के आवेदकों की संख्या कम हो गई। कोरोना वायरस के चलते नियमों …
अमृत विचार, बरेली। उम्र की बंदिशें और महंगे किराये ने हज पर जाने वाले जायरीन के ख्वाब तोड़ दिए हैं। पिछले साल के मुकाबले इस बार किराये में करीब एक लाख 34 हजार रुपये की बढ़ोतरी हुई तो मंडल में करीब 1500 हज के आवेदकों की संख्या कम हो गई। कोरोना वायरस के चलते नियमों में किए गए बदलाव की वजह से भी लोग अपने कदम पीछे खींच रहे हैं। 10 दिसंबर को आवेदन की तारीख समाप्त होने पर बरेली हज सेवा समिति ने अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग की है।
हर मुसलमान की तमन्ना होती है कि वह जीवन में एक बार मक्के-मदीने के सफर पर जाकर हज के अराकान अदा करे मगर इस बार कोरोना के प्रकोप के चलते किए गए बदलाव में उम्र की बंदिश और बढ़े किराये के बीच हजयात्रा 2021 के लिए शुरू हुई आवेदन प्रक्रिया रफ्तार नहीं पकड़ पा रही है।
हजयात्रा पर लगाई गई उम्र की पाबंदी और किराये में एक लाख रुपये की वृद्धि आवेदकों को रास नहीं आ रही है। वर्ष 2019 में हज यात्रा का किराया दो लाख 36 हजार रुपये और अब तीन लाख 70 हजार रुपये हो गया है। 2020 की हजयात्रा कोरोना वायरस के प्रकोप की वजह से नहीं हो पाई थी। नवंबर में 2021 की हजयात्रा के लिए हज कमेटी ऑफ इंडिया ने कार्यक्रम जारी कर दिया है जिसमें 18 से 65 साल तक के लोग ही हजयात्रा पर जा सकेंगे।
वर्ष 2019 में हज यात्रा पर कितने लोग गए
बरेली 924
पीलीभीत 238
बदायूं 264
शाहजहांपुर 228
इस बार 200 का आंकड़ा भी मुश्किल
पिछले वर्ष जहां मंडल के हर जिले से हजारों आवेदन आते थे मगर इस बार बरेली मंडल से अभी तक यह आंकड़ा 150 से 200 के बीच ही है। इनमें से करीब 103 लोग बरेली, मुरादाबाद से 165, रामपुर से 137 लोगों ने ही हज के लिए आवेदन किया है।
बरेली मंडल के हज यात्री लखनऊ से भरेंगे उड़ान
बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, बदायूं, लखीमपुर खीरी के हज यात्री लखनऊ के एयरपोर्ट से उड़ान भरेंगे। वहीं, रामपुर, मुरादाबाद, संभल, बिजनौर के हज यात्री दिल्ली के एयरपोर्ट से उड़ान भरेंगे।
ऑनलाइन हज आवेदन बढ़ाने की मांग
बरेली हज सेवा समिति के प्रभारी मोहसिन इरशाद ने हज कमेटी ऑफ इंडिया से ऑनलाइन हज आवेदन की तारीख बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने बताया कि हज 2021 के लिए ऑनलाइन फॉर्म भरने की अंतिम तारीख 10 दिसंबर तय की गई है जो कि आज समाप्त हो जाएगी। बहुत से हज यात्रियों ने अभी तक किसी वजह से ऑनलाइन आवेदन नहीं किया है। उन्होंने हज कमेटी ऑफ इंडिया से आवेदन की तारीख बढ़ाने की मांग की है।
हज के लिए आवेदन की संख्या घटने की मुख्य वजह कोविड-19 और हज यात्रा महंगी होना है। बरेली मंडल से भी पिछले साल के मुकाबले इस बार कम आवेदन हुए हैं।- पम्मी खान वारसी, संस्थापक बरेली हज सेवा समिति
