बदायूं : मायके गई पत्नी, पति ने कमरे में फंदा लगाकर दी जान
इस्लामनगर के मोहल्ला काजी टोला निवासी सुनील का पत्नी से हुआ था विवाद
इस्लामनगर, अमृत विचार। कस्बा इस्लामनगर के मोहल्ला काजी टोला में बुधवार को एक युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। विवाद के चलते युवक की पत्नी मायके चली गई थी। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कस्बा के मोहल्ला काजी टोला निवासी सुनील कुमार (35) पुत्र जगदीश मजदूरी करके परिवार का भरण पोषण करते थे। उनकी शादी लगभग 14 साल पहले वजीरगंज थाना क्षेत्र के गांव पुसगवां निवासी लक्ष्मी से हुई थी। उनके दो बेटे और एक बेटी हैं। बताया जा रहा है कि कुछ समय से पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। कुछ दिन पहले पत्नी बच्चों को लेकर मायके चली गई थी। बुधवार सुबह काफी समय तक कमरे से बाहर न आने पर परिजनों ने कमरे का दरवाजा खोला तो सुनील कुमार का शव फंदे पर लटका मिला। मोहल्ले के लोगों के अनुसार सुनील कुमार बुधवार सुबह चौराहे पर घूमे थे। जिसके बाद अपने घर चले गए। थाना प्रभारी नरेश पाल सिंह मौके पर पहुंचे। फारेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए।
