पीलीभीत: देवहा नदी से कटान की चिंता सताई, ग्रामीणों बोले: नहीं बना पक्का तटबंध तो आगामी सालों में बढ़ेगी मुश्किल
पीलीभीत, अमृत विचार: ब्लॉक मरौरी क्षेत्र के ग्राम बेहरी, नावकूड़ में देवहा नदी से कृषि भूमि और आबादी के निकट कटान को लेकर ग्रामीण चिंतित हैं। अपनी कृषि भूमि और क्षेत्र में कटान अत्यधिक ना हो इसके लिए ग्रामीणों ने देवहा नदी पर तटबंध पक्के बनवाने की मांग की। किसान नेता देवस्वरुप पटेल भी शुक्रवार को पहुंचे और हालात परखे। इस दौरान उन्हें केंद्रीय राज्यमंत्री एवं पीलीभीत सांसद जितिन प्रसाद को संबोधित ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि देवहा नदी से कटान सालों से होता चला आ रहा है। बेहरी गांव के आगामी सालों में नदी की धार में समाने की संभावना नजर आ रही है। इसके लिए गांव के उत्तर दिशा से पश्चिम तक करीब 500 मीटर पक्का तटबंध बनवाने की मांग की। क्रांतिकारी विचार मंच के प्रांतीय संरक्षक देव स्वरुप पटेल ने कहा कि वह केंद्रीय राज्यमंत्री से मिलकर किसानों की समस्या से अवगत कराएंगे। इसका समाधान कराया जाएगा। ज्ञापन देने वालों में नत्थूलाल पहलवान, कमलेश कुमार, रामकिशोर कश्यप, सुरजीत, अंकित गुर्जर, हरपाल सोलंकी,पप्पू मौर्य, जयंत सिंह, निरंजन सिंह, रामप्रकाश, घनश्याम, विकास, मोहित आदि मौजूद रहे।
