बाराबंकी: चाय विक्रेता के खाते से 61,900 रुपये उड़ाए, साइबर क्राइम का मामला दर्ज
बाराबंकी, अमृत विचार। हाईवे पर चाय का ठेला लगाने वाले युवक के खाते से डिजिटल पेमेंट एप कर्मी ने करीब 62 हजार रुपये उड़ा दिए। कर्मी ने खाता अपडेट करने के बहाने यह रकम किसी को ट्रांसफर कर दी। साइबर थाना ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। सतरिख थाना क्षेत्र के ग्राम काजीपुरवा मजरे दुल्हीपुर निवासी आलोक कुमार पुत्र भागीरथ अयोध्या बाईपास के पास ब्राइट मोटर्स के बगल चाय की दुकान चलाता है।
आलोक कुमार का आरोप है कि प्रभाकर तिवारी पुत्र राजेश तिवारी निवासी ग्राम किन्हौली थाना मसौली जो पेटीएम खाता खोलने और लोन का काम करता है, ने उनके विश्वास का दुरुपयोग किया। पीड़ित के अनुसार, प्रभाकर तिवारी पिछले कई महीनों से दुकान पर आकर उनके मोबाइल से डिजिटल पेमेंट एप खाता अपडेट करता था। 8 अगस्त को भी वह खाता अपडेट करने के बहाने मोबाइल लेकर काम कर रहा था।
इसी दौरान उनके खाते से 21,900 रुपये और 40,000 रुपये मिलाकर कुल 61,900 रुपये आदर्श ऑनलाइन सर्विस संचालक आदर्श शुक्ला के खाते में ट्रांसफर कर दिए गए। आरोप है कि जब आलोक ने पैसे की जानकारी ली तो प्रभाकर तिवारी ने जान से मारने की धमकी दी और आदर्श शुक्ला ने भी रुपये लौटाने से इंकार कर दिया।
