बरेली: छात्रवृत्ति दिलाने के नाम पर छात्रों से ठगी की कोशिश
बरेली,अमृत विचार। बरेली कॉलेज में विद्यार्थियों के साथ ठगी करने का गैंग सक्रिय है। यह गैंग अलग-अलग तरीकों से विद्यार्थियों को अपने जाल में फंसाता है। इससे परेशान विद्याथिर्यों ने चीफ प्रॉक्टर को फोन पर सूचना दी है। इस मामले की लिखित शिकायत गुरुवार की जाएगी। इससे पहले एलएलबी में ईडब्ल्यूएस कोटे के तहत प्रवेश …
बरेली,अमृत विचार। बरेली कॉलेज में विद्यार्थियों के साथ ठगी करने का गैंग सक्रिय है। यह गैंग अलग-अलग तरीकों से विद्यार्थियों को अपने जाल में फंसाता है। इससे परेशान विद्याथिर्यों ने चीफ प्रॉक्टर को फोन पर सूचना दी है। इस मामले की लिखित शिकायत गुरुवार की जाएगी। इससे पहले एलएलबी में ईडब्ल्यूएस कोटे के तहत प्रवेश दिलाने के नाम पर भी ठगी की कोशिश की गई।
इसके अलावा कई बार ठगी के आरोप भी लग चुके हैं। लेकिन कभी लिखित शिकायत न मिलने और आरोपियों का पता न लगने से कार्रवाई नहीं हुई। छात्रवृत्ति के फार्म भरने की अंतिम तिथि को कुछ दिन बचे हैं। जिसके चलते महाविद्यालय में विद्यार्थियों की भीड़ उमड़ रही है।
एमए के विद्यार्थी अजमल अंसारी ने चीफ प्रॉक्टर से शिकायत की है कि उनके पास बीए के करीब 5 विद्यार्थियों ने शिकायत की कि उनसे छात्रवृत्ति दिलवाने के नाम पर रुपयों की मांग की जा रही है। वह उनसे फार्म भरने के साथ-साथ अन्य प्रक्रिया पूरी कराने का वादा कर रहे हैं। 10 हजार रुपये तक की छात्रवृत्ति दिलाने की बात कह रहे हैं। उन्होंने इससे पहले भी छात्रवृत्ति दिलाई थी, तो यूजर आईडी और पासवर्ड भी ले लिया था। उस वक्त 2 से 3 हजार रुपये लिए थे। जो इस बार 5 हजार रुपये मांग रहे हैं। रुपये न देने पर वह फार्म नहीं भर पा रहे हैं। फार्म भरने की अंतिम तिथि नजदीक आ गई है। अजमल ने बताया कि चीफ प्रॉक्टर ने उन्हें गुरुवार को ऑफिस में आकर लिखित शिकायत करने की बात कही है। लिखित शिकायत के बाद कार्रवाई की जाएगी। अजमल का आरोप है कि छात्रवृत्ति दिलाने के नाम पर गैंग ठगी कर रहा है। इस गैंग में या तो कोई कर्मचारी हैं या फिर कोई विद्यार्थी शामिल हैं। इनकी पहचान कर कार्रवाई की जाए। ताकि विद्यार्थियों को परेशान न होना पड़े।
नहीं किया सामाजिक दूरी का पालन
बुधवार को काफी संख्या में विद्यार्थी फार्म जमा करने पहुंचे तो सामाजिक दूरी का पालन नहीं किया। छात्रवृत्ति फार्म जमा करने के काउंटर प्राचार्य दफ्तर के बाहर बनाए गए हैं, लेकिन कोरोना नियमों की खुलेआम अनदेखी हो रही है। विद्यार्थी एक दूसरे से सटकर तो खड़े हो रहे हैं, साथ ही वह मास्क भी नहीं लगा रहे हैं। एक दिन पहले ही क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी डा. राजेश प्रकाश ने बरेली कॉलेज का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कोरोना नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी थी। उस वक्त उनके साथ में प्राचार्य और चीफ प्रॉक्टर भी मौजूद थे, लेकिन दूसरे दिन ही इस तरह की अनदेखी विद्यार्थियों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ कर सकती है। बुधवार को कॉलेज में विद्यार्थी भी काफी संख्या में पहुंचे। लेकिन कहीं भी समाजिक दूरी का पालन नहीं हो रहा था। विद्यार्थी मास्क भी नहीं लगा रहे हैं। कई शिक्षक और विद्यार्थी पढ़ाई करने के बजाय धूप सेंकने में व्यस्त दिख रहे हैं।
“छात्रवृत्ति के नाम पर रुपये मांगने की जानकारी नहीं है। इस तरह का कोई मामला है तो यह गलत है। शिकायत मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।” -डा. अनुराग मोहन, प्राचार्य बरेली कॉलेज
