लखीमपुर खीरी : डॉक्टर पर नर्स की नौकरी दिलाने के नाम पर दो लाख तीस हजार की ठगी का आरोप
धौरहरा, अमृत विचार। धौरहरा सीएचसी में तैनात रहे एक डॉक्टर पर एक व्यक्ति ने पत्नी को नर्स की नौकरी दिलाने के नाम पर दो लाख तीस हजार रुपये ठगने का आरोप लगाया है। पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने विवेचना शुरू कर दी है।
धौरहरा कोतवाली क्षेत्र के गांव दरिहलपुरवा खरवहिया निवासी रामदेव पुत्र कुंवर बहादुर ने बताया कि करीब दो वर्ष पूर्व उनकी पहचान धौरहरा सीएचसी में तैनात डॉक्टर कृष्ण कुमार रंजन (निवासी कृष्णा नगर, लखनऊ) से दवा लेने के दौरान हुई थी। 25 अक्टूबर 2023 को डॉक्टर ने अपनी जरूरत बताकर रामदेव से 1 लाख 80 हजार रुपये खाते में मंगाए। इसके बाद और जरूरत बताते हुए उसने कुल 2 लाख 30 हजार रुपये अपने खाते में डलवा लिए।
इस बीच डॉक्टर का तबादला जनपद रामपुर के महिला अस्पताल में हो गया। जब पीड़ित ने रुपये वापस मांगे तो डॉक्टर ने आश्वासन दिया कि उसकी पत्नी को नर्स की नौकरी दिला देगा। काफी समय बीतने के बाद भी न नौकरी मिली और न ही रुपये लौटाए गए। आरोप है कि रुपये मांगने पर डॉक्टर ने गाली-गलौज की और गुंडों से पिटवाने की धमकी दी। प्रभारी निरीक्षक शिवाजी दुबे ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
