कानपुर : कांग्रेसी महिलाएं भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष को चूड़ियां भेंट करेंगी
गांधी टोपी और रामधुन के साथ कांग्रेस की महिलाएं क्षेत्रीय अध्यक्ष के घर जाएंगी
कानपुर, अमृत विचार। धोखे से कांग्रेस के पूर्व नगर अध्यक्ष हर प्रकाश अग्निहोत्री के निवास पर जाने का कांग्रेस की महिलाएं जवाब देंगी। कांग्रेस की महिला नेत्रियां भाजपा का बर्रा स्थित क्षेत्रीय कार्यालय घेरेंगी और क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल को धोखे से किसी के घर जाने और मीडिया को गुमराह करने के लिए गांधी टोपी पहनकर, रामधुन गाते हुए चूड़ियां भेंट करेंगी
रविवार को तिलक हाल में महानगर अध्यक्ष ने पत्रकारों के समक्ष आरोप लगाया कि भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष झूठ बोल रहे हैं क्योंकि भाजपाई कांग्रेस के पूर्व नगर अध्यक्ष हरप्रकाश अग्निहोत्री के निवास पर राजनैतिक संदेश के लिए नहीं बल्कि आपसी मोहल्ले के व्यवहार के नाम पर प्रवेश किया।
भाजपाइयों ने एक शब्द भी राजनीतिक चर्चा नहीं की और न ही गाली या गांधीवाद सनातनवाद की बात की गई बल्कि भाजपाइयों ने धोखे से फोटो खिंचाई और झूठी खबर एक महिला की फोटो के साथ अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए दे दी गई।
कानपुर महानगर कांग्रेस अध्यक्ष पवन गुप्ता ने कहा कि बेहद दुखद है कि भाजपा ने गांधीवाद बनाम सनातनवाद का नारा दिया है जिससे स्पष्ट है कि भाजपा गांधीवाद को विरोध का मुद्दा मानती है और इस शब्द को चुनौती दे रही है।
अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा ने स्पष्ट कर दिया कि भाजपा को बापू और गांधीवाद से उन्हें कितनी नफरत है। भाजपा देश से गांधीवादी सोच को हटाना चाहती है जबकि मोदी जी बापू के गुणगान में कोई कमी नहीं रखते। कानपुर महानगर कांग्रेस इस धोखे का जवाब देगी।
किसी भी महिला के घर ऐसे धोखे से जाना और फिर समाज में कुछ और संदेश देने का जो गलत कृत्य भाजपा ने किया है,उसका रामधुन गाकर चूड़ियां भेंट करके गांधीवादी जवाब कांग्रेस की सम्मानित नेत्रियां और कांग्रेस से जुड़ी महिलाएं देंगीं।
