Hockey Asia Cup में भारत की जीत से गदगद हुए पीएम मोदी, बोले- 'खास है ये जीत क्योंकि...'

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

नई दिल्लीः भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने एशिया कप 2025 का खिताब जीतकर देश का मान और नाम दोनों बढ़ा दिया है। बिहार के राजगीर में रविवार को इसका फाइनल मुकाबला खेला गया। भारत ने दक्षिण कोरिया को 4-1 से हराकर 8 साल बाद यह प्रतिष्ठित ट्रॉफी अपने नाम हासिल की है। इस शानदार जीत से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी काफी उत्साहित हैं और उन्होंने इसे भारतीय हॉकी के लिए एक विशेष उपलब्धि बताया है।

पीएम मोदी ने क्या कहा?

सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म X पर अपनी पोस्ट में पीएम मोदी ने लिखा, “बिहार के राजगीर में आयोजित एशिया कप 2025 में भारतीय पुरुष हॉकी टीम को इस शानदार जीत पर हार्दिक बधाई। यह जीत इसलिए और खास है, क्योंकि हमारी टीम ने गत चैंपियन दक्षिण कोरिया को परास्त किया है। यह भारतीय हॉकी और खेल जगत के लिए बहुत ही गर्व का पल है। हमारे खिलाड़ी नई ऊंचाइयों को छूते रहें और देश को गौरवान्वित करते रहें।”

बिहार सरकार की भी की तारीफ

पीएम मोदी ने टूर्नामेंट के सफल आयोजन के लिए बिहार सरकार और वहां की जनता की भी खूब प्रशंसा की। उन्होंने कहा, “मैं बिहार सरकार और जनता को उनकी मेहनत और समर्पण के लिए बधाई देता हूं, जिन्होंने राजगीर को एक शानदार खेल आयोजन का केंद्र बनाया है। इस आयोजन ने राजगीर को खेलों के नक्शे पर एक नई पहचान दी है।”

टूर्नामेंट में किन टीमों ने लिया हिस्सा?

पुरुष हॉकी एशिया कप 2025 का आयोजन 29 अगस्त से 7 सितंबर तक बिहार के राजगीर में हुआ था। बिहार खेल विश्वविद्यालय और राज्य खेल अकादमी परिसर में खेल खेला गया। इसमें भारत, चीन, जापान, मलेशिया, चीनी ताइपे, दक्षिण कोरिया, ओमान और बांग्लादेश की प्रमुख हॉकी टीमें शामिल हुईं।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का बयान

भारतीय टीम की इस ऐतिहासिक जीत पर बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने कहा, “एशिया कप 2025 में दक्षिण कोरिया के खिलाफ शानदार जीत के लिए भारतीय हॉकी टीम को हार्दिक शुभकामनाएं। इस जीत ने पूरे देश का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है। बिहार सरकार ने खिलाड़ियों के लिए हर संभव सुविधा उपलब्ध कराई जिससे की उन्हें किसी भी तरह की कोई परेशानी न हो और वे पूरे जोश के साथ टूर्नामेंट में भाग ले सकें। मुझे विश्वास है कि सभी टीमें बिहार की आतिथ्यता और यादगार अनुभवों को अपने साथ ले जाएंगी। मैं हॉकी इंडिया, खेल विभाग और बिहार स्टेट स्पोर्ट्स अथॉरिटी को इस सफल आयोजन के लिए बधाई देता हूं। बिहार की जनता ने अपनी मेहमाननवाजी से सभी का दिल जीता और हर टीम का उत्साह बढ़ाया। ऐसे आयोजन निश्चित रूप से बिहार में खेल संस्कृति को बढ़ावा देंगे और युवा खिलाड़ियों को प्रेरणा प्रदान करेंगे।”

यह भी पढ़ेंः सुप्रीम कोर्ट ने की CM रेवंत रेड्डी के खिलाफ भाजपा की याचिका खारिज, बोले गवई- अदालत राजनीतिक उठा-पटक का मैदान नहीं...

 

संबंधित समाचार