पीलीभीत: फिर सक्रिय हुए गोमांस तस्कर, कटना पुल के पास की गोकशी से फूले पुलिस के हाथ-पांव

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बीसलपुर, अमृत विचार। बाढ़ का असर कम होते ही अब पशु तस्कर सक्रिय हो गए। कटना नदी पुल के पीछे की तरफ तस्करों ने गोवंश की हत्या कर दी। मांस को बिक्री के लिए साथ ले गए। अवशेष मिलने पर गोकशी का शोर मचा तो भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर तीन थानों की पुलिस के साथ सीओ मौके पर पहुंची। गड्ढा खोदवाकर अवशेष दफन कराकर पुलिस छानबीन में जुट गई है।
 
दियोरिया कला कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मानपुर के पास कटना नदी का पुल है। इसके पास ही सब्जी बाजार लगाई जाती है। उसके पीछे झाड़ियां है। इसी में रविवार रात गोमांस तस्करों ने गोकशी को अंजाम दिया। गोवंश की हत्या कर मांस निकालकर ले गए। कुछ दूरी पर अवशेष पड़े मिले तो लोग जमा हो गए। सोमवार दोपहर करीब तीन बजे लोगों की नजर इस पर पड़ी। झाड़ियों में हड्डियां पड़ी हुई थी। कुछ ही देर में भीड़ जमा हो गई। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। 

सीओ प्रगति चौहान दियोरियाकलां,  बिलसंडा और कोतवाली बीसलपुर पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गई। मौका मुआयना कर जानकारी की गई। डिप्टी सीवीओ डॉ. जगदेव सिंह भी मौके पर आ गए। परीक्षण में अवशेष व्यस्क गोवंश के निकले। घटनास्थल कोतवाली दियोरियाकलां क्षेत्र में निकला। इस पर दियोरियाकलां कोतवाल दिगंबर सिंह को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।  कुछ संगठनों से जुड़े कार्यकर्ता भी मौके पर आ गए और घटना पर रोष जताते हुए कार्रवाई की मांग की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

संबंधित समाचार