Bareilly : बिना पंजीयन इलाज कर रहे दो अस्पताल, दो क्लीनिक सील
बरेली, अमृत विचार। आए दिन गलत इलाज से मरीजों की हालत गंभीर हो रही है वहीं बीते दिनों जान तक गवां चुके हैं लेकिन ये गोरखधंधा कम होने का नाम नहीं ले रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने ऐसे ही दो अस्पताल और दो क्लीनिक पर अनियमितताएं मिलने पर कार्रवाई करते हुए सील करने के साथ ही संचालकों को नोटिस जारी किया है।
स्वास्थ्य विभाग के झोलाछाप नियंत्रण सेल के प्रभारी डॉ. अमित के नेतृत्व में टीम ने सबसे पहले शीशगढ़ इलाके में निरीक्षण अभियान चलाया। यहां रेशमा जच्चा बच्चा केंद्र एवं अल्ट्रासाउंड सेंटर पर दो मरीजों को भर्ती कर इलाज चल रहा था। इस पर टीम ने अस्पताल के पंजीयन संबंधी दस्तावेज मांगे तो स्टाफ नहीं दिखा सका। इस पर दोनों मरीजों को स्थानीय सीएचसी पर शिफ्ट करने के बाद अस्पताल को सील कर दिया गया।
आदेश क्लिनिक और जच्चा बच्चा क्लिनिक का भी विभागीय पंजीयन न होने पर सील किया गया है। टीम ने दुनका क्षेत्र में इंडियन हॉस्पिटल का निरीक्षण किया, लेकिन कोई डॉक्टर मौजूद नहीं था। पंजीयन दस्तावेज भी मौजूद नहीं मिले। इस पर हॉस्पिटल को सील किया गया। वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम के आने की सूचना पाकर उस इलाके संचालक क्लीनिक और अस्पताल बंद कर फरार हो गए।
झोलाछाप नियंत्रण सेल के नोडल अधिकारी डॉ. अमित ने बताया कि शीशगढ़ इलाके में निरीक्षण अभियान चलाया गया, यहां दो अस्पताल और दो क्लीनिक का विभागीय पंजीयन स्टाफ नहीं दिखा सका, वहीं अन्य अनियमितताएं भी नहीं पाई गईं। जिसके आधार पर सील किए गए हैं। वहीं संबंधित संचालकों को नोटिस जारी कर दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा है।
