बाराबंकी: दहेज लोभियों ने गर्भवती पत्नी को पीटकर घर से निकाला, फोन पर दिया तलाक
बाराबंकी, अमृत विचार। यूपी के बाराबंकी में दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने गर्भवती महिला को मारपीट कर घर से निकाल दिया। इतना ही नहीं, महिला के पति ने फोन पर ही उसे तीन तलाक दे दिया। शहर कोतवाली क्षेत्र में कांशीराम कालोनी की रहने वाली रमशा खातून पत्नी मोहम्मद उजेफा ने तहरीर में बताया कि उसका निकाह 18 सितंबर 2024 को मोहम्मद उजेफा पुत्र नफीस उर्फ मूसा निवासी थाना जरवल रोड बहराइच के साथ हुआ था।
पति, सास, ननद, जेठानी और अन्य परिजन लगातार कम दहेज का ताना देकर प्रताड़ित करते रहे। रमशा का आरोप है कि 21 अगस्त को ससुराल पक्ष के लोगों ने मोटरसाइकिल की मांग को लेकर उसके जेवर छीन लिए और गर्भवस्था में ही मारपीट कर घर से निकाल दिया। उसकी सास ने उसके पेट पर लात मारी।
पिता की मदद से वह किसी तरह मायके पहुंची। 24 अगस्त को महिला थाने में सुलह हुई थी, लेकिन 2 सितंबर को अल्ट्रासाउंड कराने के लिए 700 रुपये मांगने पर उसके पति ने फोन पर ही तीन तलाक दे दिया। एसपी के निर्देश पर पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज की है।
