बदायूं : बिजली केबिल चोरी करने का प्रयास, पुलिस ने पकड़े सात आरोपी

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

दातागंज से गांव महरौली के पास अंडरपास से किया गिरफ्तार

बदायूं, अमृत विचार: अंडरपास किनारे चोरी के प्रयास में बैठे सात लोगों को मूसाझाग पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनके पास से एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस, तीन नाजायज चाकू के अलावा चोरों में प्रयुक्त एक सब्बल, दो सरिया, दो प्लास, एक पेंचकस, टॉर्च, चोरी किए चांदी के आभूषण, एक लोडर वाहन, एक बाइक बरामद किया। सभी आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके जेल भेजा गया है। एसपी सिटी विजयेंद्र द्विवेदी ने घटना का खुलासा किया।

एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह के निर्देश पर मूसाझाग के थाना प्रभारी मान बहादुर सिंह पुलिस बल के साथ गश्त करके संदिग्ध वाहन और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। दातागंज मार्ग पर गांव महरौली के सामने छोटे अंडरपास के पास कुछ संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी मिली। पुलिस मौके पर पहुंची। मौके से हजरतपुर थाना क्षेत्र के गांव हर्रे निवासी अमन यादव पुत्र सतेंद्र पाल यादव और नितेश पुत्र राजवीर सिंह, दातागंज कस्बा के मोहल्ला गौसनगर निवासी लतीफ शाह पुत्र शमशेर शाह और कैफ पुत्र नदीम, वार्ड चार के मोहल्ला अरेला निवासी प्रिंस शाक्य पुत्र मुकेश शाक्य, मोहल्ला बुद्धबाजार निवासी शिव रतन यादव पुत्र मूलचंद्र यादव, अमरोहा के थाना डिडोली के कस्बा जोया के मोहल्ला इकबाल नगर निवासी नदीम पुत्र मोहम्मद जान को हिरासत में लिया। सभी आरोपियों को थाने ले जाकर पूछताछ की गई। आरोपियों ने बताया कि वह लोडर वाहन और बाइक से गांव महरौली से चलकर गंगा एक्सप्रेस वे के बराबर में पक्की सड़क से चलकर आगे बढ़े। अंडरपास के पास दोनों वाहन छिपा दिए थे। वह चोरी के लिए अंडरपास के नीचे बैठकर सड़क किनारे पड़ी बिजली की महंगी केबिल चोरी करने की तैयारी में थे। यह केबिल जमीन में बिछाई जाती है। जिसकी कीमत लाखों रुपये है। उनके पहले से कीमत की जानकारी थी जिसके चलते उन्हीं केबिल के बंडलों को चोरी करने के लिए आए थे। साथ में लोडर वाहन भी लाए थे कि पुलिस ने पकड़ लिया। 

मंदिर के अलावा कई जगहों से की थी चोरी
पुलिस की पूछताछ में आरोपी अमन यादव आदि ने बताया कि उन्होंने तकरीबन एक महीन पहले दातागंज से पहले बदायूं जाने वाले मार्ग स्थित खाटू श्याम मंदिर के कमरे में रखे मुकुट, बांसुरी, पायल और दानपात्र तोड़कर चोरी की थी। पुलिस ने उनके पास से चांदी के आभूषण, मुकुट आदि बरामद किए। जिसकी रिपोर्ट दर्ज हुई थी। मंदिर से हुई चोरी में दातागंज के इमामबाड़ा के वार्ड पांच निवासी फरदीन पुत्र इदरीश, पुरैनी निवासी अरशद अली पुत्र सुबराती, वार्ड 11 निवासी इद्ररीश पुत्र नूर मोहम्मद के नाम भी सामने आए हैं। इसके अलावा अमन यादव और लतीफ से उझानी कोतवाली क्षेत्र के गांव बसौवा के घर से चोरी किए गए जेवरात, चांदी की पाजेब, एक अंगूठी भी मिली।

संबंधित समाचार