जांच में हुआ खुलासा तो सन्न रह गए: बाराबंकी में 7 माह की गर्भवती निकली किशोरी, युवक ने किया था जबरन मुंह काला
रामसनेहीघाट/बाराबंकी, अमृत विचार। तबीयत खराब होने पर अस्पताल गई किशोरी जांच में सात माह की गर्भवती निकली। पता चला कि गांव के ही एक युवक ने उसे बरगलाकर उसके साथ दुराचार किया फिर धमकी देकर भगा दिया। बेटी के साथ हुई घटना और जांच रिपोर्ट देख परिजन सन्न रह गए। पिता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक को पकड़कर जेल भेज दिया।
जानकारी के अनुसार हैरत में डाल देने वाली यह घटना कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की है। 17 साल की किशोरी ने तबीयत खराब होने की बात परिजनों को बताई तो परिजन उसे लेकर सरकारी अस्पताल गए। यहां पर उसकी जांच की गई तो पता चला कि वह सात माह के गर्भ से है, डाक्टरों के मुंह से जांच रिपोर्ट सुनकर परिजनों के पैरो तले जमीन खिसक गई।
परिजनों ने सवाल किए तो पता चला कि कई महीने पहले उसके साथ गांव का ही एक युवक उसे बहकाकर साथ ले गया और उससे जबरन दुष्कर्म किया। इसके बाद युवक ने धमकी देकर उसे वहां से भगा दिया। डर के कारण उसने परिजनों से यह सच अब तक छिपाए रखा था। बेटी की बात सुनकर परिजन तुरंत पुलिस के पास पहुंचे।
पुलिस ने आरोपी युवक नीरज रावत के खिलाफ दुष्कर्म व अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। कोतवाल अंकित त्रिपाठी ने बताया कि विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया गया है। पीड़िता को कानूनी और मानसिक सहयोग उपलब्ध करवाया जा रहा है।
