पीलीभीत: जमीन के विवाद में युवक को दिनदहाड़े मारी गोली, हालत गंभीर

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

बिलसंडा, अमृत विचार: जमीन के विवाद में दिनदहाड़े एक युवक को गोली मार दी गई। गोली युवक के पेट में आर-पार हो गई। घायल को हालत गंभीर होने पर सीएचसी से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। सीओ ने बिलसंडा पुलिस के साथ मौका मुआयना कर जानकारी की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मूल रुप से बमरौली के रहने वाले प्रशांत उर्फ आशु पुत्र संजय सिंह वर्तमान में शाहजहांपुर जनपद के थाना सदर क्षेत्र के खिरनीबाग इलाके में रहते हैं।  बताते हैं कि उनकी बिलसंडा क्षेत्र में जमीन है। इसे लेकर क्षेत्र के ही कुछ लोगों से विवाद चल रहा है। जमीन के पुराने विवाद में पूर्व में भी शिकायतें हो चुकी है। शुक्रवार को वह बिलसंडा आए थे। धनश्यामपुर के पास एक भट्टे के नजदीक स्थित खेत पर सिंचाई करने गए थे।  इसी दौरान बताते हैं कि दूसरा पक्ष आ धमका और झगड़ा फसाद शुरू हो गया। कहासुनी के बाद गाली गलौज मारपीट में तब्दील हो गई। जिसके बाद आरोपी ने गोली चला दी, जोकि आशु के पेट को आर-पार कर गई। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस विभाग में खलबली मच गई। पुलिस घायल को सीएचसी लेकर पहुंची। वहां प्राथमिक इलाज के बाद उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। सीओ बीसलपुर प्रगति चौहान ने भी मौका मुआयना कर जानकारी की। घटनास्थल का मुआयना किया। अन्य ग्रामीणों से भी घटना के बाबत जानकारी हासिल की गई। घटना की जानकारी मिलने पर घायल के परिजन भी आ गए। वह घायल का इलाज कराने में लगे हुए हैं। जिसके चलते देर शाम तक तहरीर नहीं दी जा सकी। फिलहाल पुलिस को आरोपी के बारे में जानकारी मिली है, जिसके आधार पर टीमें लगाई गई हैं। घटना में घायल हुए युवक को पूर्व के एक जनप्रतिनिधि के परिवार का बताया जाता रहा। हालांकि इसकी पुष्टि पुलिस के स्तर से भी नहीं की जा सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

2022 में हुई थी दोनों पक्षों में सुलह
पुलिस का कहना है कि इस मामले की जांच अभी गहनता से की जा रही है। ये भी अभी तक की जांच में सामने आया है कि तीन साल पहले 2022 में दोनों पक्षों के बीच सुलह हो गई थी। इसके बाद अब दोबारा विवाद हो गया और एक पक्ष की ओर से दूसरे पर गोली चला दी गई। फिलहाल जांच की जा रही है।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर गई थी। घायल को इलाज के लिए भिजवाया गया है। दोनों पक्षों के बीच जमीन का पुराना विवाद है। जिसमें तीन साल पहले सुलह भी हुई थी। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। - सिद्धार्थ शर्मा, एसओ बिलसंडा

संबंधित समाचार