Bareilly : दिशा पाटनी के घर फायरिंग सीसीटीवी, बाइक पर भागते दिखे बदमाश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। फिल्म अभिनेत्री दिशा पाटनी के सेवानिवृत्त सीओ पिता जगदीश पाटनी के घर के बाहर शुक्रवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे बाइक सवार बदमाशों ने फायरिंग की। अब इस पूरे घटनाक्रम का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आ गया है। जिसमें बाइक सवार जाते हुए दिख रहे हैं। उनके घर फायरिंग करते हैं और वापस लौटते सीसीटीवी में देखा जा सकता है। अब पुलिस सीसीटीवी के अधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है। 

कोतवाली थाना क्षेत्र के सिविल लाइंस स्थित विला नंबर 40 में दिशा पाटनी का पैतृक घर है। यहां उनके सेवानिवृत्त सीओ पिता जगदीश पाटनी और उनकी पत्नी और बेटी मेजर खुश्बू पाटनी रहते हैं। बाइक सवार बदमाशों ने शुक्रवार तड़के उनके घर पर फायरिंग की। इसके बाद झुमका चौराहे की तरफ फरार हो गए। इस फायरिंग से पूरा परिवार दहशत में है। गोलियों की आवाज सुनकर पुलिस को सूचना दी गई। एसपी सिटी मानुष पारीक पुलिस फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और फोरेंसिक टीम को बुला कर साक्ष्य एकत्र कराया। पुलिस ने घर समेत आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है, ताकि बदमाशों की पहचान हो सके। 

वारदात की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अनुराग आर्य भी मौके पर पहुंचे और पाटनी परिवार से घटना की जानकारी ली। दिशा के पिता की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।उधर फेसबुक पर फिल्म अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर पर फायरिंग करने की जिम्मेदारी कुख्यात गैंगस्टर लॉरेस बिश्नोई के शार्प शूटर गोल्डी बरार और रोहित गोदारा ने ली है। दावा किया गया है कि मथुरा के संत प्रेमानंद महाराज और अनिरुद्धाचार्य महाराज पर टिप्पणी से नाराज होकर इस फायरिंग को अंजाम दिया गया है। पोस्ट में रोहित गोदारा और गोल्डी बरार गैंग का नाम लिखा गया है। उसमें साफ किया गया है कि खुशबू पाटनी-दिशा पाटनी ने हमारे पूज्य संतों का अपमान किया था। यह सिर्फ एक ट्रेलर है। अगली बार ऐसी हरकत दोहराई गई तो किसी को जिंदा नहीं छोड़ा जाएगा।

एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि फिल्म अभिनेत्री दिशा पाटनी के सेवानिवृत्त पिता के घर पर पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। उनसे तहरीर लेकर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर हमलावरों की तलाश के लिए पांच टीमें गठित की गई हैं। जो आरोपियों की लगातार तलाश कर रही हैं। साथ ही उनके घर पर पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है।

 

संबंधित समाचार