Moradabad : रामभद्राचार्य के मिनी पाकिस्तान वाले बयान पर भड़के सपा पूर्व सांसद डॉ. एसटी हसन
मुरादाबाद, अमृत विचार। आध्यात्मिक गुरु रामभद्राचार्य ने मेरठ में एक कथा के व्याख्यान के दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश को मिनी पाकिस्तान कहा था। जिस पर अब प्रदेश के गलियारों की सियासत गरमा गई है। मुरादाबाद से सपा से पूर्व सांसद डॉ. एस.टी. हसन ने इस बयान पर आपत्ति जताते हुए बयान को देश हित में गलत बताया है।
रविवार को अपने आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान पूर्व सांसद डॉ. सय्यद तुफैल हसन ने कहा कि ऐसे बयान समाज में भय और विभाजन फैलाने के लिए दिए जाते हैं, ताकि इनकी दुकान चलती रहे। बोले ऐसे बयानों से खास राजनीतिक पार्टी को फायदा पहुंचाया जा रहा है। कहा कि हिंदू-मुसलमान पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भाइयों की तरह रहते हैं और एक-दूसरे के सुख-दुख में साथ खड़े होते हैं।
पूर्व सांसद ने तंज कसते हुए कहा कि जब सरकार, सेना, पुलिस और संसाधन सब हिंदुओं के पास हैं, तब हिंदू खतरे में का नैरेटिव कैसे बन सकता है। प्रधानमंत्री भी हिंदू हैं, फिर ये खतरे की बात क्यों, मुसलमान तो कभी नहीं कहता कि वह खतरे में है, क्योंकि उसकी आस्था अपने अल्लाह में है और हिंदू भाइयों के साथ मिलजुल कर रहने में है। डॉ. हसन ने बयान को भारत में रहने वाले मुसलमानों का अपमान बताया। कहा कि क्या सारे मुसलमान आतंकवादी हैं जो हमें पाकिस्तानी बताया जा रहा है। पाकिस्तान क्या है और कैसे बना, यह सबको मालूम है। इस तरह का बयान देने से पहले रामभद्राचार्य को सोचना चाहिए।
