Bareilly : नवरात्र पर चमकेगा दोपहिया वाहन बाजार, भरेगा रफ्तार
बरेली, अमृत विचार। नवरात्र पर दोपहिया वाहनों की बिक्री में जबरदस्त उछाल आने की उम्मीद है। 22 सितंबर से जीएसटी दरों में होने वाले बदलाव के कारण वाहनों की कीमतों में 6 से 20 हजार रुपये तक की कमी आएगी। इससे कारोबार रफ्तार पकड़ेगा। कारोबारी जीएसटी स्लैब में बदलाव से कीमतें कम होने से दोपहिया वाहनों की बंपर बिक्री होने का अनुमान जता रहे हैं।
कारोबारियों ने ग्राहकों की मांग को ध्यान में रखते हुए विभिन्न मॉडल और आधुनिक फीचर्स के साथ स्टॉक जुटाना शुरू कर दिया है। टोकन मनी के साथ एडवांस बुकिंग भी शुरू कर दी है, ताकि नवरात्र पर ग्राहकों को उनकी पसंद की बाइक समय पर मिल सके। कारोबारियों के अनुसार जीएसटी स्लैब में बदलाव के बाद 350 सीसी तक की बाइक और स्कूटर पर जीएसटी 28 से घटाकर 18 प्रतिशत होने से कारोबार को गति मिलेगी। 350 सीसी से ऊपर की बाइकें महंगी हो जाएंगी। एक अनुमान के मुताबिक डेढ़ हजार से ज्यादा दो पहिया वाहनों की बुकिंग जिले के शोरूमों में हो चुकी है। इसकी डिलीवरी लोग नवरात्र पर ही लेंगे।
जीएसटी घटने पर इतनी कम होगी कीमत
350 सीसी से कम वाली हीरो स्प्लेंडर प्लस आठ हजार, बजाज प्लेटिना 100 सात हजार, बजाज पल्सर पर 11 हजार, टीवीएस स्पोर्ट छह हजार, टीवीएस अपाचे 12 हजार, होंडा एक्टिवा पर नौ हजार, होंडा साइन नौ हजार, यामाहा आर 15 19 हजार, एफजेड-एस पर 17 हजार, रोयल इनफिल्ड क्लासिक 350 19,500, एनफील्ड बुलेट 17,500, रॉयल एनफील्ड मेटोर 350 20 हजार रुपये सस्ती होगी। वहीं, जीएसटी के दरों के लगने के बाद 350 सीसी से ऊपर बाइकों पर 40 प्रतिशत टैक्स लगेगा। यानी यह बाइकें पहले से ज्यादा महंगी हो जाएंगी। इनमें रोयल इनफिल्ड की 450 से 650 सीसी वाली बाइकें महंगी हो जाएंगी।
नवरात्र को लेकर लोग बाइक-स्कूटी की बुकिंग करवाने को पहुंच रहे हैं। उनको बताया जा रहा है कि जीएसटी की कीमतों में कटौती से 15 हजार रुपये से अधिक तक की बचत होगी। वहीं, नवरात्र पर शोरूम और कंपनी की तरफ दिए जाने वाले ऑफर का भी खरीदारों को लाभ मिल सकेगा।
-पंकज अग्रवाल, कारोबारी
नवरात्र पर अच्छी बिक्री की उम्मीद है, जो लोग अभी से बुकिंग करा रहे हैं, उन्हें अपनी मनपसंद गाड़ियां लेने में सहूलियत मिलेगी। जीएसटी दर में कमी होने से कारोबार में और रफ्तार आएगी, जो लोग अभी बुकिंग करा लेंगे, उन्हें नई जीएसटी दर पर वाहन भी मिल सकेंगे।
-नितिन जौहरी, कारोबारी
जीएसटी स्लैब में बदलाव से खरीदारों को दो पहिया वाहन पर 20 हजार रुपये तक की बचत होगी। नवरात्र को देखते हुए कंपनी के ऑफर भी मिलेंगे। एडवांस बुकिंग के साथ लोग नवरात्र का इंतजार कर रहे हैं।
-दिनेश अग्रवाल, कारोबारी
जीएसटी दरों में कटौती की घोषणा के बाद ही नई बाइक लेने का प्लान बना लिया था। बुलेट बाइक के लिए दो दिन पहले ही पीलीभीत रोड पर कंपनी के अधिकृत डीलर को 15 हजार रुपये का टोकन मनी दे दिया है। बाइक 17 हजार रुपये सस्ती मिलेगी। नवरात्र पर बाइक खरीदेंगे।
- सचिन गुप्ता, ग्राहक
