बाराबंकी: दुष्कर्म के आरोपी बंदी की इलाज के दौरान मौत, अचानक बिगड़ी तबीयत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी, अमृत विचार। 7 साल की बालिका संग दुष्कर्म के आरोप में जिला कारागार में निरुद्ध एक बंदी की रविवार शाम अचानक तबीयत बिगड़ गई। उसे आनन-फानन में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, पर उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।

जानकारी के अनुसार मसौली थाना क्षेत्र के पतिहापुर गांव निवासी सुभाष यादव (38) पुत्र राम विलास सात साल की बालिका से दुष्कर्म व पाक्सो एक्ट के मामले में निरुद्ध था। उसे 8 नवंबर 2022 को जिला कारागार लाया गया था। इसी मामले में उसका भाई लालजी यादव भी जेल में बंद है। दोनों भाई एक ही बैरक में रखे गए थे। 

कारागार प्रशासन के अनुसार रविवार की शाम पानी लेने के दौरान सुभाष अचानक बैरक में ही गिर पड़ा। मौजूद बंदी रक्षकों ने तत्काल उसे जिला कारागार के अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत न सुधरने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। 

कारागार अधीक्षक कुंदन कुमार ने बताया कि सुभाष पूरी तरह स्वस्थ था। करीब 10 दिन पहले उसने पेट में गैस की शिकायत पर दवा ली थी। रविवार की शाम अचानक तबीयत बिगड़ गई, संभवतः उसे कार्डियक अरेस्ट आया। घटना की सूचना परिजनों को दी गई है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।

संबंधित समाचार